सिरमौर के दो परीक्षा केंद्रों में 593 अभ्यर्थियों ने दी नीट परीक्षा
615 अभ्यर्थियों को जारी किए गए थे एडमिट कार्ड
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। देश भर में रविवार को नीट की परीक्षा आयोजित की गई। सिरमौर जिले में इस परीक्षा के लिए दो केंद्र बनाए गए। इन दोनों केंद्रों में 593 अभ्यर्थियों ने नीट की परीक्षा दी।
सिरमौर के मुख्यालय नाहन में नीट की परीक्षा के लिए बनाए गए जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन और राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला नाहन के परीक्षा केंद्रों में अभ्यर्थियों को सुबह 11 बजे से प्रवेश मिलना शुरू हो गया था जो डेढ़ बजे तक जारी रहा। दो बजे से पांच बजे तक यह परीक्षा आयोजित हुई।
जवाहर नवोदय विद्यालय के परीक्षा केंद्र के लिए 336 और कन्या स्कूल नाहन के परीक्षा केंद्र के लिए 279 अभ्यर्थियों यानी 615 अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड जारी किए गए थे। इन दोनों केंद्रों पर 593 अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी। जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के प्रधानाचार्य एसके तिवारी ने बताया कि रविवार को जवाहर नवोदय विद्यालय नाहन के परीक्षा केंद्र पर 324 और कन्या स्कूल नाहन में 269 अभ्यर्थियों ने नीट की परीक्षा दी।
-संवाद