राजगढ़ में समग्र शिक्षा अभियान और एलिम्को के सहयोग से लगा शिविर
राजगढ़, नौहराधार और नारग क्षेत्र के विद्यार्थियों की आवश्यकताओं का किया आकलन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। समग्र शिक्षा अभियान के सौजन्य और आर्टिफिशियल लिम्ब्स मैन्युफैक्चरिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (एलिम्को) के सहयोग से बीआरसीसी कार्यालय राजगढ़ में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों के लिए आकलन शिविर आयोजित किया गया। इसमें राजगढ़, नौहराधार और नारग क्षेत्र के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
शिविर में बच्चों की शारीरिक और व्यक्तिगत जरूरतों का आकलन किया गया, ताकि पात्र विद्यार्थियों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण और अन्य सामग्री उपलब्ध करवाई जा सके। इससे बच्चों को पढ़ाई, शैक्षणिक गतिविधियों और दैनिक कार्यों में सुविधा मिलेगी।
बीआरसीसी कार्यालय के कमलेश शर्मा ने बताया कि आकलन के आधार पर पात्र बच्चों को उनकी जरूरत के अनुसार सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाएंगे। शिविर का आयोजन खंड प्राथमिक शिक्षा अधिकारी निष्ठा ठाकुर के नेतृत्व में किया गया।