26 जनवरी को नाहन में पूरी होगी 121 किलोमीटर लंबी यात्रा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन/शिलाई (सिरमौर)। नवयुवक मंडल क्यारी-गुंडाह की आम बैठक कपिल शणकवाण की अध्यक्षता में हुई। इसमें नशे के खिलाफ सिरमौर जोड़ो यात्रा निकालने का निर्णय लिया गया। यह यात्रा 121 किलोमीटर क्यारी गुंडाह से शुरू होगी, जो जिला मुख्यालय नाहन पहुंचकर कर संपन्न होगी।
बैठक में मौजूद नवयुवक मंडल के पदाधिकारी कपिल शणकवाण, जय ठाकुर, जगपाल चौहान, रवि शणकवाण और प्रकाश ठाकुर ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य लोगों को नशे के खिलाफ एकजुट करना है। सिरमौर जोड़ो यात्रा 22 से 26 जनवरी तक आयोजित होगी। 22 जनवरी को क्यारी गुंडाह से सुबह 9 बजे यह यात्रा शुरू होगी जो देर शाम कफोटा पहुंचेगी। यहां रात्रि विश्राम के बाद अगले दिन शाम को सतौन पहुंचेगी। 24 जनवरी को सतौन से पांवटा के लिए रवाना होगी और यहां पर रात्रि ठहराव होगा। अगले दिन 25 जनवरी को यह यात्रा पांवटा से धौलाकुआं के लिए रवाना होगी। 26 जनवरी को धौलाकुआं से यह यात्रा फिर शुरू होगी, जो सुबह 11 बजे नाहन के चौगान मैदान में पहुंचकर पूरी होगी।
उन्होंने बताया कि रोजाना 30 किलोमीटर पैदल यात्रा की जाएगी। यात्रा पूरी होने पर 121 किलोमीटर लंबी यात्रा होगी। उन्होंने जिले के लोगों को इस पैदल यात्रा में शामिल होकर नशे के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया है।