उपायुक्त ने जागरूकता रैली को झंडी दिखाकर किया रवाना
शैक्षणिक संस्थानों में जागरूक कार्यक्रम और होंगी प्रतियोगिताएं
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले में राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह मनाया जा रहा है। इस अभियान का शुभारंभ उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने शनिवार को उपायुक्त कार्यालय से किया। इस दौरान यातायात पुलिस के नेतृत्व में दोपहिया वाहन चालकों ने शहर में जागरूकता रैली निकाली। उपायुक्त ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
उपायुक्त ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सभी को यातायात नियमों का पालन करना जरूरी है। हेलमेट और सीट बेल्ट का प्रयोग, तेज गति से वाहन न चलाना और नशे में वाहन न चलाने जैसे नियमों को अपनाकर ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि जिले में एक महीने तक जागरूकता कार्यक्रमों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 2025 में 101 सड़क हादसे हुए हैं। इनमें 63 लोगों ने जान गंवाई। हादसों का मुख्य कारण लापरवाही, नशे और तेज रफ्तार से वाहन चलाना रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के दौरान जिले के शैक्षणिक संस्थानों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विद्यार्थियों के लिए निबंध, पोस्टर मेकिंग, क्विज और भाषण प्रतियोगिताएं भी करवाई जाएंगी, ताकि कम उम्र से ही बच्चों में सड़क सुरक्षा के प्रति समझ विकसित हो सके।
पुलिस अधीक्षक एनएस नेगी ने कहा कि जिले के व्यस्त इलाकों में खास कर शहरी क्षेत्र में वाहन चलाते समय चालक नियमों का पालन नहीं करते। इसके चलते कई मर्तबा हादसे का शिकार हो जाते हैं। इस जागरूकता अभियान के तहत ऐसे वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
आरटीओ सोना चंदेल ने कहा कि नाहन, पांवटा साहिब समेत अन्य स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान निजी बस ऑपरेटर यूनियन समेत निजी बस और वाहन चालकों को जागरूक किया जाएगा। इस अवसर पर रोड सेफ्टी क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र तोमर, रणवीर ठाकुर आदि मौजूद रहे।
संवाद