-50 करोड़ रुपये के निवेश पर मंडराया संकट, उद्योगपति चिंतित
-पुलिस में शिकायत के बावजूद अभी तक नहीं हुआ समाधान
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के तहत भंडारीवाला इलाके में स्थित इंडो हर्बल एक्सट्रैक्शन और लैवेंडर डेयरी उद्योग के बीच से गुजरने वाले एक पुराने नाले को कथित तौर पर बंद कर दिए जाने का मामला सामने आया है। इससे दोनों उद्योगों पर बरसात के दौरान बाढ़ का गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है।
जानकारी के मुताबिक यह नाला पहाड़ी क्षेत्रों से आने वाले बरसाती पानी के निकास का मुख्य रास्ता रहा है। यह पानी पहले एक पुल के नीचे से होकर आगे बहता हुआ कालाअंब-गुरुद्वारा रोड पर बने पुल के नीचे से निकल जाता था। बताया जा रहा है कि पुल के आगे लगभग 30 फीट जमीन, जो एक व्यक्ति की है, उसी हिस्से में मिट्टी डालकर नाले को बंद कर दिया गया है। इस कारण बरसाती पानी का प्राकृतिक बहाव पूरी तरह से बाधित हो गया है।
उद्योग के प्रबंधक निदेशक डॉ. डी. सिंह ने बताया कि बरसात के दिनों में पहाड़ों से काफी मात्रा में पानी इस नाले में आता है। नाले के बंद होने से पानी रुकने की स्थिति में दोनों उद्योगों के परिसर में पानी भरने की समस्या हो गई है, जिससे भारी नुकसान की आशंका है। गौरतलब है कि यह नाला पिछले 15-20 वर्षों से लगातार उपयोग में रहा है। पहले जिस व्यक्ति की यह जमीन थी, उसने स्वयं ही इस नाले को खुला छोड़ा था ताकि आसपास के क्षेत्र को बरसाती पानी से नुकसान न हो, लेकिन अब इसे मिट्टी डालकर रोक दिया गया है।
प्रभावित उद्योग प्रबंधन का कहना है कि इस मामले को लेकर उन्होंने कालाअंब पुलिस थाना को लिखित शिकायत भी दे दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है। उद्योग प्रबंधन के अनुसार दोनों इकाइयों में करीब 50 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश है, जो इस समस्या के चलते जोखिम में पड़ गया है। संवाद