केंद्र सरकार की ओर से सोने पर लगाई गई एक्साइज ड्यूटी के खिलाफ हड़ताल कर रहे स्वर्णकारों के समर्थन में शनिवार को प्रदेश व्यापार मंडल के साथ नाहन और पांवटा व्यापार मंडल ने एक दिन की हड़ताल रखी। इस दौरान 80 फीसदी से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहे।
नाहन में प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष ओमप्रकाश सैनी, नाहन व्यापार मंडल अध्यक्ष अमृतलाल गर्ग, स्वर्णकारी सभा के अध्यक्ष संजीव वर्मा, व्यापार मंडल महासचिव दिग्विजय गुप्ता, स्वर्णकार सभा के महासचिव प्रवीण वर्मा व मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग आदि ने विरोध रैली की आगवानी करते हुए उपायुक्त बीसी बडालिया के माध्यम से केंद्र सरकार को ज्ञापन भेजकर स्वर्णकारों पर थोपी गई एक्साइज ड्यूटी वापस लेने की मांग की।
उन्होंने बताया कि इससे इंस्पेक्टर राज को बढ़ावा मिलेगा। स्वर्णकारों को बेवजह रिश्वतखोरी व भ्रष्टाचार से उलझना पड़ेगा। इस कानून से सोने व चांदी के शुद्धिकरण के लिए जो नीति अपनाने को कहा जा रहा है वह तर्क संगत नहीं है। इससे काम करने में देरी व परेशानी होगी।
बंद का असर ददाहू, सराहां, राजगढ़ आदि में भी देखा गया। जिले के अधिकतर कस्बों एवं बाजारों में केवल डेली नीड्स अंडा, फल सब्जी, दूध दही, ढाबे, दवाइयों की दुकानें खुली रहीं। नाहन के बड़ा चौक में लगने वाली सब्जी मंडी भी पूरी तरह से बंद रही। जिले भर की दुकानें बंद रहने से कम से कम 10 करोड़ का कारोबार प्रभावित रहा। विशेषकर नाहन, कालाअंब एवं पांवटा के आढ़त बाजार और थोक विक्रेताओं ने सभी प्रकार के सामान के लेनदेन को बंद रखा।
बाक्स...
पर्यटन नगरी में परेशान हुए सैलानी
ददाहू (सिरमौर)। बाजार बंद रहने से बाहर से आए सैलानियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वीक एंड एवं छुट्टियों के चलते रेणुका, ददाहू, नौहराधार एवं हरिपुरधार में शनिवार को भारी संख्या में बाहर से पर्यटक पहुंचे थे लेकिन अधिकतर दुकानें बंद होने से कई सैलानियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। विशेषकर खाने पीने की वस्तुओं की किल्लत झेलनी पड़ी।
बाक्स....
कांग्रेस ने दिया समर्थन
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय सोलंकी ने संपर्क करने पर कहा कि जिला स्तरीय बंद का कांग्रेस ने समर्थन किया है। केंद्र सरकार द्वारा स्वर्णकारों पर थोपी गई एक्साइज ड्यूटी का कांग्रेस विरोध करती है। मोदी सरकार तत्काल अपने इस फैसले को वापस ले।
------------
एक्साइज ड्यूटी के खिलाफ शुक्रवार को रहा बाजार बंद
पांवटा साहिब(सिरमौर)। सर्राफा व्यापारियों के आह्वान पर पांवटा में बाजार बंद रहा। एक्साइज ड्यूटी बढ़ाए जाने के विरोध में 2 सप्ताह से हड़ताल जारी है। शनिवार को पांवटा के सभी ज्वेलर्स एकत्र हुए। केंद्र सरकार के एक्साइज ड्यूटी लगाने के फैसले का विरोध किया। मुख्य बाजार से मिनी सचिवालय तक रोष मार्च निकाला।
इस मौके पर पांवटा व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय सिंघल, महासचिव अनिंद सिंह नौटी स्वर्णकार संघ पांवटा इकाई प्रधान राकेश वर्मा व महासचिव सुमेश वर्मा, उपाध्यक्ष संजीव वर्मा, सर्वजीत धीर, विशाल वर्मा, जसवंत सिंह, गुरप्रीत सिंह, आशीष जैन, संजीव वर्मा, अमन वर्मा, नीरज वर्मा, राहुल वर्मा, सन्नी वर्मा, दीपक वर्मा, संदीप वर्मा, ललित वर्मा, राजू वर्मा, अश्वनी वर्मा, शेख रोयान अली व दिनेश वर्मा आदि मौजूद थे।