आज के कार्यक्रम की खबर
सचित्र
पोस्टर वितरित करके लोगों को बताया, कैसे दें शहर में अपना योगदान
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन(सिरमौर)। उत्तरभारत में भाईचारे की मिसाल पेश करने वाले नाहन शहर में ऑल हिमाचल मुस्लिम वेलफेयर सोसायटी ने शहर को उसकी पुरानी पहचान दिलाने के लिए नया कदम उठाया है। लोग अपने शहर के प्रति जिम्मेदारी समझें और इसे स्वच्छ और नशा मुक्त बनाने में योगदान दें इसके लिए शहर में जागरुकता अभियान छेड़ा है।
इसे लेकर सोसायटी के पदाधिकारियों ने रविवार को नाहन में स्वच्छता जागरुकता पोस्टर भी लांच किया। इसके बाद इसकी प्रतियां शहरवासियों तक पहुंचाने का कार्य शुरू किया। सोसायटी के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता शकील अहमद शेख, मुख्य सलाहकार नसीम मोहम्मद दीदान ने बताया कि चंद साल पहले तक सफाई के मामले में नाहन शहर की पूरे हिमाचल समेत आसपास के क्षेत्रों में मिसाल दी जाती थी। आज शहर में वो बात नहीं रही, लोग यहां वहां गंदगी फेंक कर गंदगी फैला रहे हैं।
उन्होंने बताया कि लोग अपनी जिम्मेदारी समझें और शहर को गंदगी व नशा मुक्त बनाने में सहयोग कैसे कर सकते हैं, इसके लिए जागरूकता पोस्टर प्रकाशित किया है। इसे लोगों के घरों और दुकानों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सभी लोग शहर को स्वच्छ और नशा मुक्त बनाने में सहयोग देंगे तो शहर अपने पुराने रुतबे पर जरूर लौटेगा।
इस मौके पर एडवोकेट जीनत खान, परवेज इकबाल, इस्लाम, महासचिव अब्दुल रहमान, नजाकत अली, साकिर खान, एडवोकेट साकिब खान, एडवोकेट सुरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।
-संवाद