पांच साल पहले हार्ट अटैक ने छीन लिया पिता
10वीं के नतीजों में विक्रांत चौधरी ने प्रदेश में पाया नौवां स्थान
इंजीनियर बनने का है सपना
रोजाना पांच से छह घंटे अध्ययन कर हासिल की सफलता
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं (सिरमौर)। जिले के पड़दूनी निवासी विक्रांत ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा की परीक्षा में प्रदेश मेरिट सूची में संयुक्त रूप से नौवां स्थान हासिल कर जिला का नाम रोशन किया है। संघर्ष और कठिन परिस्थितियों के बीच मिली सफलता अब क्षेत्र में प्रेरणा का विषय बन गई है।
विक्रांत ने बताया कि उनके पिता राम कुमार चौधरी एक निजी फैक्टरी में कार्यरत थे। करीब पांच वर्ष पहले अचानक हार्ट अटैक के कारण उनका निधन हो गया। पिता के निधन के बाद परिवार पर कठिन समय आ गया और एक समय ऐसा भी आया जब पढ़ाई छोड़ने की स्थिति बन गई थी। विक्रांत ने बताया कि उनकी मां परमीता देवी ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने खेती-बाड़ी कर परिवार की जिम्मेदारियां संभालीं और सीमित संसाधनों के बावजूद बेटे की पढ़ाई जारी रखी। मां के संघर्ष और सहयोग से ही वह बेहड़ेवाला स्थित शिवा पब्लिक हाई स्कूल में अपनी शिक्षा पूरी कर सके। उन्होंने कहा कि स्कूल प्रबंधन और शिक्षकों ने भी हर कदम पर उनका साथ दिया।
विक्रांत ने 700 में से 691 अंक प्राप्त कर प्रदेश मेरिट सूची में नौवां स्थान हासिल किया है। उन्होंने सफलता का श्रेय मां और शिक्षकों को दिया। विक्रांत ने कहा कि हर कठिन समय में मां ने उनका हौसला बढ़ाया और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वह स्कूल के अलावा घर पर प्रतिदिन पांच से छह घंटे पढ़ाई करते थे, जबकि रविवार को इससे भी अधिक समय अध्ययन को देते थे। विक्रांत का सपना इंजीनियर बनने का है और वह इसके लिए आगे भी कड़ी मेहनत कर रहे हैं।
स्कूल की मुख्याध्यापिका प्रवीण कुमारी, चेयरमैन नीरज कुमार तथा शिक्षिकाएं रेणु कुमारी, प्रीति शर्मा, शिवानी चौधरी, सुषमा और संजीव ने विक्रांत को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।