मनचले बाइक सवारों ने स्कूल आते-जाते छात्राओं का जीना किया मुहाल
स्कूल प्रबंधन और अभिभावकों ने छह महीने पहले की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मोगीनंद की छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक गंभीर समस्या सामने आई है। विद्यालय के अध्यापक, अभिभावक और स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) इस समस्या को लेकर लंबे समय से परेशान हैं। जानकारी के मुताबिक स्कूल खुलने और छुट्टी के समय हर रोज बाइक सवार कुछ युवक विद्यालय के आसपास मंडराते रहते हैं और छात्राओं को परेशान करते हैं। इससे छात्राओं के साथ-साथ अभिभावक भी परेशान हो रहे हैं।
विद्यालय की प्रधानाचार्य शिभा खन्ना, विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष मनोज धीमान और सदस्य मदनमोहन, इकराम ने बताया कि इस समस्या को लेकर करीब छह माह पूर्व ही संबंधित पुलिस थाना को लिखित शिकायत दी गई थी, लेकिन कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया और स्थिति जस की तस बनी हुई है। जहां छात्राएं असुरक्षित महसूस कर रही हैं, वहीं अभिभावक भी छात्राओं की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
स्कूल प्रशासन और एसएमसी ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सुबह स्कूल लगने के समय और दोपहर में छुट्टी के समय नियमित पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाया जा सके और छात्राएं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।
पुलिस थाना प्रभारी कालाअंब बलवंत सिंह कंवर ने बताया कि स्कूलों के आसपास आवारागर्दी और छात्राओं को परेशान करने वाले मनचलों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह की हरकतों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रशासन के साथ जल्द ही बैठक कर इस समस्या का स्थायी और प्रभावी समाधान निकाला जाएगा।
संवाद