-विधायक सुखराम चौधरी ने दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र में भाजपा सरकार के समय के रुके कार्य को पूरा करवाने का प्रयास जारी है। विधायक सुखराम चौधरी ने यहां जारी प्रेस बयान में कहा कि विकास कार्यों को विधानसभा सत्र के दौरान सदन में उठाया गया है। विधानसभा में सरकार ने आश्वासन दिया है कि पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के जो काम 70 प्रतिशत पूरे हो चुके हैं उन कामों के लिए अनुमानित बजट अनुसार धनराशि स्वीकृत की जाएगी।
सुखराम चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह, उपमुख्यमंत्री एवं जलशक्ति मंत्री मुकेश अग्निहोत्री और शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इन कार्यों के लिए सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब विधानसभा में श्री गुरु गोविंद सिंह महाविद्यालय के भवन कार्य को पूरा करने के लिए 2 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई है। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पुरुवाला में साइंस लैब, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नघेता के भवन को पूरा करने के लिए भी अनुमानित बजट अनुसार धनराशि स्वीकृत करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी प्रदान की गई है।
जलशक्ति विभाग में पांवटा साहिब विधानसभा में हिमकैड योजना के माध्यम से लगे 133 सिंचाई ट्यूबवेलों को पूरा करने के लिए भी अनुमानित बजट अनुसार धनराशि स्वीकृति को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई है। चौधरी ने बताया कि इन कार्यों का 70 प्रतिशत से अधिक काम पूर्व भाजपा सरकार में ही पूर्ण हो चुका था। अब वर्तमान सरकार द्वारा इन कार्यों को पूरा करने के लिए सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। इससे पांवटा साहिब विधानसभा के रुके हुए कार्यों को पूर्ण करने के लिए गति मिलेगी।
इन कार्यों के पूरा होने से जहां शिक्षा के क्षेत्र में विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा वही कृषि प्रधान विधानसभा क्षेत्र में ट्यूबवेलों के पूरा होने से किसानों को भी फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि सरकार से उम्मीद है कि नावघाट सिंघपुरा से उत्तराखंड के विकासनगर को जोड़ने वाला यमुना पुल भी जल्द पूरा होकर जनता को समर्पित होगा। इसके लिए उत्तराखंड सरकार भी प्रयासरत है और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य की ओर से भी इसे जल्दी पूरा करने के लिए आश्वासन मिला है।
संवाद