वाहन चालान भुगतने 45 किमी दूर नाहन कोर्ट जाना पड़ेगा : सुखराम
पांवटा के विधायक बोले, प्रदेश सरकार के समक्ष रखेंगे जायज मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। पांवटा बार एसोसिएशन की माजरा थाना के क्षेत्राधिकार को नाहन कोर्ट को सौंपने के विरोध में अनिश्चितकालीन हड़ताल मंगलवार को भी जारी रही।
इस मौके पर स्थानीय विधायक सुखराम चौधरी हड़ताल पर बैठे पांवटा के अधिवक्ताओं से मिलने पहुंचे। विधायक ने कहा कि अधिवक्ताओं की मांग जायज है। लोगों को वाहन के चालान को भुगतने के लिए भी 45 किलोमीटर दूर नाहन कोर्ट जाना पड़ेगा। इस बारे में प्रदेश सरकार के समक्ष बात रखी जाएगी। जनता की दिक्कतों को देखते हुए इस पर फिर से विचार किया जाना जरूरी है।
बार एसोसिएशन पांवटा इकाई के प्रधान नितिन शर्मा ने पूर्व ऊर्जा मंत्री के समर्थन पर बार संघ की तरफ से आभार जताया। उन्होंने कहा कि जनहित में उच्च न्यायालय को इस अधिसूचना को लेकर पुन: विचार करना चाहिए। प्रदेश के मुख्यमंत्री के स्वस्थ होने पर एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिलने शिमला जाएगा।
इस अवसर पर बार संघ पांवटा के महासचिव दिनेश चौधरी, वरिष्ठ अधिवक्ता डीसी खंडूजा, टीएस शाह, नंदलाल परवाल, राजेंद्र शर्मा, एसआर शर्मा, पलविंद्र सिंह, आत्मा राम शर्मा, राजेंद्र नेगी आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। संवाद