करगाणू-सनौरा स्थित पंच परमेश्वर महादेव मंदिर में महापुराण कार्यक्रम में मौजूद लोग। संवाद
-संत आदर्श भारती बोले, अब तक नौ पुराणों का किया जा चुका है सफल आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। करगाणू-सनौरा स्थित पंच परमेश्वर महादेव मंदिर को मिनी नैमिषारण्य तीर्थ के रूप में विकसित किया जाएगा। मंदिर के मुख्य पुजारी संत आदर्श भारती ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यहां के ब्रह्मलीन संत ने 18 पुराणों के आयोजन का संकल्प लिया था। उनके ब्रह्मलीन होने के बाद अब उस संकल्प को पूरा करने का कार्य श्रद्धालुओं के सहयोग से निरंतर जारी है।
उन्होंने बताया कि अब तक नौ पुराणों का सफल आयोजन किया जा चुका है और वर्तमान में मंदिर परिसर में एकादश दिवसीय वराह पुराण का आयोजन संपन्न हुआ। कथा व्याख्यान आचार्य विजय भारद्वाज की ओर से किया गया। इसमें बड़ी संख्या में प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचे। समापन अवसर पर विशाल हवन-यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति अर्पित की और पुण्य लाभ प्राप्त किया।
संत आदर्श भारती ने बताया कि मंदिर परिसर में पांच शिवलिंग, हनुमान जी सहित अनेक देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की जा चुकी हैं। आगामी समय में अन्य प्रतिमाओं की स्थापना की योजना है, ताकि यह स्थल पूर्ण रूप से धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बन सके। उनका उद्देश्य इस पावन धाम को मिनी नैमिषारण्य के रूप में विकसित करना है। इससे क्षेत्रवासियों को दूर स्थित नैमिषारण्य तीर्थ में दर्शन के लिए नहीं जाना पड़ेगा। स्थानीय स्तर पर ही वही आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त होगी।
-संवाद