-स्वयंसेवक युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल से जोड़ेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। मेरा युवा भारत अभियान के तहत जिला सिरमौर के विभिन्न विकास खंडों में 14 युवा स्वयंसेवकों की नियुक्ति की गई है। ये स्वयंसेवक युवाओं को मेरा युवा भारत पोर्टल से जोड़ेंगे। वे स्वयंसेवा की भावना को प्रोत्साहित करेंगे। साथ ही युवा सशक्तीकरण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े कार्यक्रमों में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करेंगे।
मेरा युवा भारत, सिरमौर की जिला युवा अधिकारी अमृषा शर्मा ने बताया कि जिला सिरमौर में नियुक्त स्वयंसेवकों में आशु अश्वानी कुमार और रोहित कुमार (राजगढ़) शामिल हैं। इसके साथ ही मुकुल और सुमित (पच्छाद), पवित्रा (नाहन) भी नियुक्त किए गए हैं, जबकि नरेश कुमार और दीपांजलि (संगड़ाह), विक्रम और रोहित (शिलाई) भी इस सूची में हैं। प्रवेश और इशिका (पांवटा साहिब) तथा अमन कुमार चौहान, ऋतिका और अंशुल (जिला कार्यालय, नाहन) भी नियुक्त हुए हैं।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान डॉ. पंकज चांडक उपस्थित रहे। वे जिला नोडल अधिकारी, राष्ट्रीय सेवा योजना, सिरमौर और मेरा युवा भारत के मुख्य प्रशिक्षक हैं। उन्होंने नव-नियुक्त स्वयंसेवकों को मेरा युवा भारत पोर्टल की उपयोगिता बताई। उन्होंने युवाओं के लिए उपलब्ध विभिन्न अवसरों और उनकी जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ. चांडक ने स्वयंसेवकों से आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण करवाएं। उन्हें स्वयंसेवा, कौशल विकास, नेतृत्व निर्माण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी गतिविधियों से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभाएं।
इस अवसर पर कार्यालय सहायक रीता और अनुभाग अधिकारी सुरेंद्र भी उपस्थित थे।-