सतौन (सिरमौर)। अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ हिमाचल प्रदेश ने एसडीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। इसके माध्यम से प्रदेश के समस्त शिक्षक एवं गैर शिक्षक कर्मचारियों से संबंधित 44 मांगें उनके समक्ष रखी हैं। मुख्य रूप से अनुबंध कर्मचारियों को पहले की भांति ही वर्ष में दो बार नियमित करने, नए वेतनमान के एरियर और लंबित डीए का शीघ्र भुगतान करने, 20 वर्षों से अधिक अवधि तक एक ही पद पर आसीन सभी अध्यापकों को सीएंडवी की तर्ज पर विशेष वेतन वृद्धि, सभी वर्गों के शिक्षकों और गैर शिक्षकों को हर वर्ष नियमित रूप से पदोन्नति के अवसर प्रदान करना आदि मांगें शामिल हैं। महासंघ के उपाध्यक्ष विजय कंवर ने बताया कि पत्र के माध्यम से मुख्यमंत्री से ये मांगें शीघ्र पूरा करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने के दौरान एसडीएम कफोटा ओम प्रकाश ठाकुर को संघ की ओर से सनातन हिंदू पद्धति पर आधारित वार्षिक कैलेंडर, महासंघ का परिचय पत्र एवं प्रांत और जिला कार्यकारिणी का परिचय पत्रक भी भेंट किया गया।