नाहन (सिरमौर)। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की ओर से घोषित 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम सिरमौर में परिणाम शानदार रहा। विद्यार्थी लंबे समय से इस परीक्षा के परिणाम का इंतजार कर रहे थे। उनका यह इंतजार सोमवार को समाप्त हुआ।
जिला सिरमौर में लड़के और लड़कियों ने एक समान बेहतर प्रदर्शन करते हुए एक जैसे अंक प्राप्त किए। नाहन और पांवटा के स्कूलों में विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक लेकर अपने-अपने स्कूलों में सर्वोच्च स्थान हासिल किया।
नाहन के होली हार्ट स्कूल की अपूर्वा चौधरी, अनिकेत चंद्र चौधरी और अदिति गुप्ता ने सर्वोच्च अंक प्राप्त कर प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान हासिल किया। जबकि नवोदय जवाहर विद्यालय नाहन में आदित्य व अनुराग ठाकुर ने एक समान अंक प्राप्त कर स्कूल में संयुक्त रूप से प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं डीएवी स्कूल पांवटा में वाणिज्य संकाय में वंशिका, आस्था व हर्षवर्धन, विज्ञान संकाय में शीना चोपड़ा, प्रणव त्रिपाठी व सिमरन नेगी ने पहले तीन स्थानों पर क्रमवार बाजी मारी। इसी प्रकार पांवटा के ही दून वैली स्कूल में वाणिज्य संकाय में आलोकित और विज्ञान संकाय में हिमांशू प्रथम रहे।
गुरू नानक मिशन स्कूल पांवटा साहिब का परिणाम भी लाजवाब रहा। यहां तीनों संकाय में लड़कियों ने बाजी मारते हुए पहला स्थान हासिल किया। इस स्कूल में विज्ञान संकाय में नंदूरी जयंत विष्णू, वाणिज्य संकाय में कमलजोत कौर व कला संकाय में विशाखा निराला ने पहला स्थान हासिल किया। बेहतर परीक्षा परिणाम के कारण जिलेभर में खुशी का माहौल रहा। मेधावी विद्यार्थी दूरभाष पर अपने शिक्षकों व परिजनों से वार्तालाप करते नजर आए। शिक्षकों ने भी फोन पर ही मेधावी विद्यार्थियों को बधाई दी।