ड्रग कंट्रोलर विभाग कालाअंब में कार्रवाई की तैयारी में
नशीली दवाओं का मामला सामने आने के बाद विभाग सख्त
संवाद न्यूज़ एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में किराये के ड्रग लाइसेंस पर चल रहे मेडिकल स्टोरों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू हो गई है। ड्रग कंट्रोलर विभाग जल्द ही ऐसे मेडिकल स्टोर संचालकों की विभागीय जांच करेगा।
जानकारी के अनुसार, कई हरियाणा निवासी हिमाचल में किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर जारी ड्रग लाइसेंस लाइसेंस पर लेकर मेडिकल स्टोर चला रहे हैं। आरोप है कि इन स्टोरों की आड़ में प्रतिबंधित नशीली दवाओं का अवैध कारोबार भी किया जा रहा है। दवाओं का खरीद-फरोख्त रिकॉर्ड भी ठीक से नहीं रखा जा रहा। बीते सप्ताह नशीली दवाओं की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा के युवक ने मोगीनंद क्षेत्र में कथित किराये के ड्रग लाइसेंस पर मेडिकल स्टोर चलाया था। आरोपी फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में है।
सिरमौर के सहायक ड्रग कंट्रोलर सन्नी कौशल ने बताया कि विभाग पूरी तरह अलर्ट है। कालाअंब क्षेत्र के सभी मेडिकल स्टोरों पर औचक निरीक्षण शुरू किया जा रहा है। निरीक्षण में ड्रग लाइसेंस, स्टॉक, बिक्री रजिस्टर और अन्य आवश्यक मापदंडों की गहन जांच की जाएगी।
सन्नी कौशल ने जनता से अपील की है कि यदि किसी मेडिकल स्टोर में नियमों का उल्लंघन हो रहा हो, तो इसकी तुरंत सूचना दें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित स्टोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।