(विकास की बात)
कॉलेज प्रबंधन पांवटा ने बीएसएनएल को जमा करवाई 75 लाख की राशि
पांवटा साहिब कॉलेज में योजना पर कुल एक करोड़ बजट राशि होगी खर्च
भारत संचार निगम लिमिटेड की सिविल विंग के माध्यम से होगा निर्माण कार्य
सुरेश तोमर
पांवटा साहिब(सिरमौर)। हिमाचल में प्रथम बहु सुविधा छात्र केंद्र योजना अब शीघ्र ही सिरे चढ़ेगी। पांवटा साहिब में यह सुविधा मिलेगी। इस प्रस्तावित योजना निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ रुपये बजट की मंजूरी मिली है। योजना निर्माण कार्य भारत संचार निगम लिमिटेड की सिविल विंग के माध्यम से होगा। प्रथम किस्त करीब 75 लाख राशि कॉलेज प्रबंधन ने बीएसएनएल को सौंप भी दी है। इसके लिए टेंडर भी आमंत्रित कर दिए गए हैं।
बता दें कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी राजकीय महाविद्यालय, पांवटा साहिब के परिसर में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए छात्र समुदाय एक आधुनिक बहु सुविधा छात्र केंद्र की मांग काफी समय से उठा रहा था। पिछले वर्ष इस मांग को लेकर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह तथा शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर के पांवटा साहिब दौरे के दौरान भी प्राचार्य और सभी छात्र संगठन उनसे मिले थे।
संयुक्त प्रयासों से और महाविद्यालय प्रशासन के प्रयास से अब सभी प्रकार की विभागीय प्रशासनिक मंजूरी योजना को प्राप्त हुई। इसके लिए एक करोड़ रुपये बजट मंजूर हुआ। योजना के तहत मौजूदा कैंटीन शेड के स्थान पर विस्तार कर नया भवन निर्माण होगा। इस बहुउद्देशीय योजना में अध्ययन के साथ-साथ विश्राम, संवाद, मनोरंजन और सह-पाठयक्रम गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग ले सकेंगे।
बेहतर कैंटीन से छात्रों और कर्मचारियों को स्वच्छ, पौष्टिक एवं किफायती भोजन और नाश्ते की सुविधा उपलब्ध होगी। शुद्ध पेयजल, स्वच्छता एवं अपशिष्ट निपटान की विशेष व्यवस्था होगी। बहुउद्देशीय मनोरंजन कक्ष बनने पर विद्यार्थियों के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी इनडोर गेम्स जैसे टेबल टेनिस, कैरम, चेस की व्यवस्था की जाएगी। इसके अतिरिक्त विश्राम, स्व अध्ययन के लिए लाउंज एवं बैठने के लिए क्षेत्र का भी प्रावधान रहेगा, युवा महोत्सव प्रतियोगिताओं के लिए अभ्यास कर सकेंगे। समाचार पत्र और मासिक पत्रिकाओं से युक्त अध्ययन कक्ष, सीएससीए कार्यालय, प्राथमिक उपचार, कॉलेज स्टूडेंट्स सेंट्रल एसोसिएशन के कार्यों के संचालन एवं समन्वय के लिए एक सुसज्जित कार्यालय की स्थापना की जाएगी।
बाक्स...
प्रथम चरण में 75 लाख बजट मिला : डॉ. जगदीश चौहान
- पांवटा साहिब कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जगदीश चौहान ने कहा कि इस योजना पर कुल एक करोड़ बजट खर्च होगा। प्रथम चरण में 75 लाख बजट मिला है। बीएसएनएल को राशि जमा करवा दी गई है। बीएसएनएल की सिविल विंग के माध्यम से योजना निर्माण होगा। इसके लिए टेंडर भी आमंत्रित कर दिए गए है।
बाक्स...
इस योजना में क्रेच कक्ष होगा
- राज्य के किसी महाविद्यालय में पहला छात्र केंद्रित केंद्र, लंबे अरसे से छात्र समुदाय इसके निर्माण की मांग कर रहे थे। इस योजना में क्रेच कक्ष विवाहित छात्राओं के बच्चों लिए एक प्रकार का अल्पकालिक या दिनभर का डे-केयर सेंटर होगा।
संवाद
पांवटा साहिब कॉलेज में इस स्थल पर बनेगा प्रदेश का प्रथम बहुसुविधा आधुनिक छात्र केंद्र। संवाद