पांवटा साहिब में लेफ्टिनेंट बनी मनवीन कौर को किया सम्मानित
बेटियां बढ़ा रही हिमाचल और गुरु की नगरी पांवटा साहिब की शान : राजेंद्र शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब(सिरमौर)। गुरु की नगरी पांवटा साहिब की बेटी लेफ्टिनेंट बन कर घर सूरजपुर लौटी है। गृह जिले में पहुंचते ही मनवीन कौर का नाहन से लेकर पांवटा तक जोरदार स्वागत हुआ। मनवीन ने गुरुद्वारा साहिब पांवटा व सूरजपुर में मत्था टेका। इसके बाद पांवटा साहिब के लोगों और विभिन्न संस्थाओं ने उनका होटल में स्वागत एवं सम्मान समारोह किया। इस दौरान मनवीन कौर के परिजन, शहर की विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि व ग्रामीण मौजूद रहे।
वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद अध्यक्ष व वरिष्ठ अधिवक्ता राजेंद्र शर्मा, कुलवंत सिंह चौधरी व तपेंद्र सिंह सैनी ने कहा कि मनवीन कौर ने लेफ्टिनेंट बन कर क्षेत्र के लिए विशेष गौरव के पल प्रदान किए हैं। बिहार के गया स्थित सैन्य अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी से पास आउट होकर घर लौटने पर सिरमौर के नाहन और पांवटा साहिब में जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ।
इस अवसर पर परिवार की ओर से एक होटल में सम्मानित करने के लिए विशेष सम्मान समारोह व पार्टी का आयोजन हुआ। इस मौके पर लेफ्टिनेंट मनवीन कौर के दादा जीएस सैनी ने सबका आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा की बेटियां आज शिक्षा, खेलों समेत हर क्षेत्र में अग्रणी है। बिहार के गया स्थित सैन्य अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी से मनवीन पास आउट होने के बाद जगह-जगह फूल मालाओं से स्वागत व सम्मानित करने व स्वागत से परिजन भी अभिभूत है।
संवाद