संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। गोरक्षनाथ संस्कृत महाविद्यालय में मंगलवार को महिला विकास प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। महिला विकास प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. विनीता पाल ने बताया कि महाविद्यालय में प्रत्येक वर्ष महिला प्रकोष्ठ की नई कार्यकारिणी का गठन किया जाता है। यह कार्यकारिणी पूरे वर्ष महाविद्यालय में छात्राओं से संबंधित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
उन्होंने बताया कि महिला प्रकोष्ठ का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों एवं उपलब्ध अवसरों के बारे में जागरूक करना है। इसके साथ ही प्रकोष्ठ द्वारा महिला सशक्तीकरण, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास, सुरक्षा और सामाजिक जागरूकता से संबंधित विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, व्याख्यान एवं अन्य गतिविधियां आयोजित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी के सभी सदस्य अपने-अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करते हुए छात्राओं के हित में कार्य करेंगे।
नई कार्यकारिणी में रवीना (शास्त्री तृतीय वर्ष) को अध्यक्ष, सुहानी (शास्त्री तृतीय वर्ष) को उपाध्यक्ष, निहारिका (शास्त्री तृतीय वर्ष) को महासचिव, वंदना (शास्त्री तृतीय वर्ष) व पायल (शास्त्री द्वितीय वर्ष) को संयुक्त सचिव और सुहानी (शास्त्री तृतीय वर्ष) को मीडिया प्रभारी का दायित्व सौंपा गया।
इस अवसर पर महिला प्रकोष्ठ की सदस्य डॉ. सुमिता शर्मा और प्रो. नरेंद्र तोमर ने नई नवगठित कार्यकारिणी के सदस्यों को अपने दायित्वों का जिम्मेदारीपूर्वक निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेश शर्मा, प्रो. ताराचंद, डॉ. ओंकार शर्मा, प्रो. मोहम्मद अली, राहुल, शशिपाल और डॉ. सीमा शर्मा सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।