द्राबिल में देर रात को पहुंची देव यात्रा, हजारों श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़
महासू महाराज की जय के उद्घोष से गूंजी हिमाचल-उत्तराखंड सीमा
जिला सिरमौर के साथ-साथ, शिमला, सोलन और उत्तराखंड से हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे
संवाद न्यूज एजेंसी
रोनहाट/शिलाई (सिरमौर)। न्याय के देवता छत्रधारी चालदा महासू महाराज उत्तराखंड-हिमाचल सीमा पर मीनस में शनिवार को पहुंचे। देर रात को जिला सिरमौर के द्राबिल में देव यात्रा पहुंची। 30 से 40 हजार के करीब श्रद्धालुओं की भीड़ इस ऐतिहासिक पलों की गवाह बनी। देर रात को द्राबिल में पहुंचने के बाद यात्रा रविवार को पशमी के लिए रवाना होगी।
द्राबिल से पैदल ही यात्रा पशमी के लिए चलेगी और उम्मीद जताई जा रही है कि देर रात तक ही यात्रा पशमी में पहुंचेगी और यहां तैयार किए गए दो भव्य मंदिरों में से एक में न्याय के देवता विराजमान होंगे। इन ऐतिहासिक क्षणों को देखने के लिए जिला सिरमौर के साथ-साथ, शिमला, सोलन और उत्तराखंड से हजारों की संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचे हैं। श्रद्धालु इतने हैं कि सड़कों पर पैर रखने की जगह भी नहीं है। देव पालकी का पारंपरिक वादन, शंख-घड़ियालों की ध्वनि और भक्ति रस से परिपूर्ण वातावरण लोगों में नई ऊर्जा का संचार कर रहा है। पश्मी और आसपास के गांवों में इस यात्रा को लेकर भारी उत्साह देखा जा रहा है। लोग अपने घरों और मंदिरों को सजाकर देवता का स्वागत कर रहे हैं। यात्रा के दौरान सुरक्षा, व्यवस्था और आवभगत के लिए स्थानीय युवा और समितियां सक्रिय भूमिका निभा रहीं हैं।
द्राबिल पहुंचते ही द्राबिल मंदिर से महासू महाराज की पालकी बाहर लाई गई और चालदा महाराज की पालकी से मिलन हुआ। ज्ञात रहे कि हनोल ‘बौठा महाराज’ का मुख्य मंदिर है। द्राबिल गांव मंदिर में भी ‘बौठा महाराज’ का चिह्न के रूप में पालकी है। इसलिए एनएच 707 के नजदीक पड़ाव में दोनों भाइयों बौठा और चालदा महाराज का मिलन हुआ।
बता दें कि छत्रधारी चालदा महासू महाराज की उत्तराखंड से हिमाचल प्रदेश की ऐतिहासिक प्रवास यात्रा 8 दिसंबर 2025 को उत्तराखंड के दसऊ मंदिर से शुरू हुई थी। सिरमौर में चालदा महाराज के स्वागत के लिए श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ रहा है। हिमाचल प्रदेश में आस्था के प्रतीक और न्याय के देवता माने जाने वाले चालदा महासू महाराज की यात्रा में सामाजिक समरसता, धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक संरक्षण की अनूठी मिसाल सामने आई है। यहां एक साथ हजारों की भीड़ एकत्रित होना महाराज के प्रति अगाढ़ आस्था दर्शाती है।
चालदा महासू महाराज की यात्रा कई मायनों में महत्वपूर्ण मानी जाती है। भक्तजन अपनी समस्याएं और मनोकामनाएं उनके समक्ष रखते हैं और माना जाता है कि महाराज न्याय देकर लोगों की पीड़ा दूर करते हैं। यात्रा सदियों पुरानी आस्थाओं और रीति-रिवाजों को जीवित रखे हुए है। लोकगीत, देव वादन, नृत्य और पारंपरिक अनुष्ठान सांस्कृतिक धरोहर को संजोते हैं। यात्रा के दौरान विभिन्न गांवों के लोगों के एक साथ एक ही पथ पर चलने से भाईचारे, सहयोग और सामाजिक एकता की भावना मजबूत हुई है।
बताया जाता है कि चालदा महाराज पैदल ही प्रस्थान करते हैं। किसी भी वाहन का प्रयोग नहीं करते। महाराज अगले पड़ाव तक रात्रि को ही पहुंचते हैं। इससे सिरमौर सीमा में भी देर शाम को ही पहुंचे। इतिहास में पहली बार ऐसा अवसर आया है, जब टौंस नदी के उस पार सिरमौर में बिराजमान होंगे। अब वो क्षण नजदीक आ रहा है, जिसका वर्षों से पशमी के ग्रामीणों को इंतजार था।
सिरमौर के द्राबिल और पशमी में महाराज के प्रवास को लेकर तैयारियां दिन में ही पूरी कर ली गईं थीं। तैयारियों का जायजा स्वयं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने लिया।
संवाद
शिलाई के पश्मी में देव यात्रा को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते उद्योगमंत्री। स्रोत : जन संपर्क - फोटो : संवाद
शिलाई के पश्मी में देव यात्रा को लेकर व्यवस्थाओं का जायजा लेते उद्योगमंत्री। स्रोत : जन संपर्क - फोटो : संवाद