नाहन (सिरमौर)। जिला सिरमौर शतरंज संघ की ओर से नाहन में आयोजित राज्य स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल बिलासपुर का दबदबा रहा। डीएवी स्कूल की छात्रा महक परमार ने शतरंज के बोर्ड पर ऐसी चालें चली कि विरोधी चारों खाने चित्त हो गए। अंडर-19 (छात्रा) वर्ग में महक परमार ने स्टैंडर्ड व ब्लीडज दोनों श्रेणियों में अपने दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता के अंतिम परिणामों में छात्रा वर्ग की अंडर-19 स्टैंडर्ड प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल बिलासपुर की महक परमान ने 5 अंकों के साथ प्रथम, विद्या कुंज पब्लिक स्कूल बिलासपुर की शिवा ने 4 अंकों के साथ द्वितीय व दिल्ली पब्लिक स्कूल मनाली की चाहत ने 3 अंकों के साथ तृतीय स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की ब्लीडज प्रतियोगिता में डीएवी पब्लिक स्कूल की छात्रा महक परमार ने अपना दमदार प्रदर्शन करते हुए 5 अंकों के साथ पहला स्थान हासिल किया। जबकि दिल्ली पब्लिक स्कूल की चाहत व आस्था ने 4 व 3 अंकों के साथ क्रमश: दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया। पुरुष वर्ग की अंडर-19 स्टैंडर्ड व ब्लीडज प्रतियोगिता में कुल्लू के लक्षित राना का कोई सानी नहीं रहा।
छात्र वर्ग की स्टैंडर्ड प्रतियोगिता में कुल्लू के लक्षित राणा ने 5 अंकों के साथ प्रतियोगिता अपने नाम की। जबकि कुल्लू के ही दक्ष ने 4.5 अंकों के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। सोलन के अखिल ने 4 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इसी वर्ग की ब्लीडज प्रतियोगिता में भी एक बार फिर से कुल्लू के लक्षित राना ने 5 अंकों के साथ प्रथम स्थान हासिल किया। जबकि कुल्लू के ही दक्ष व इलियाज खान ने क्रमश: 3.5 अंक हासिल करते हुए दूसरा व तीसरा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता देर शाम सिल्वर बैल पब्लिक स्कूल नाहन में देर रात संपन्न हुई।
प्रतियोगिता में जहां चीफ आर्बीटर की भूमिका शैलजा महाजन ने निभाई वहीं इस प्रतियोगिता में राज्य भर से आए 80 युवा खिलाड़ियों ने भाग लिया। समापन समारोह में रेखा तोमर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। इस मौके पर सिरमौर चैस के महासचिव आशीष ठाकुर ने युवा खिलाड़ियों को खेल को खेल की भावना से खेलने का आह्वान किया।
उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रथम व द्वितीय स्थान पर रहे खिलाड़ियों का चयन अगले माह तमिलनाडु में होने वाली नेशनल शतरंज प्रतियोगिता के लिए किया गया है। इस दौरान मुख्यातिथि ने विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत भी किया। समापन समारोह के दौरान सिरमौर हिल्स पब्लिक स्कूल के चेयरमैन अमोदित ठाकुर, प्रधानाचार्य रेणु तोमर, मोना तोमर, सिरमौर शतरंज संघ के प्रेस सचिव हेमंत कंवर व ऋषि तोमर सहित राज्य भर से आए अध्यापक मौजूद रहे।