ददाहू में 73 दुकानदारों ने करवाया माप-तोल यंत्र का सत्यापन
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। माप एवं तोल विभाग के सौजन्य से ददाहू में लगाए गए विशेष शिविर में दूसरे दिन वीरवार को 73 दुकानदारों ने अपने माप-तोल यंत्र व पैमानों का सत्यापन करवाया। यह शिविर 19 जुलाई तक जारी रहेगा। इसमें विभाग के कर्मचारी, व्यापारियों के माप-तोल यंत्र और पैमाने आदि की जांच, निरीक्षण व सत्यापन कर रहे हैं। शिविर को लेकर व्यापारियों में भी भारी उत्साह दिखाई दे रहा है। आसपास के ग्रामीण इलाकों से भी व्यापारी अपने यंत्रों को सत्यापन के लिए लेकर आ रहे हैं। दो दिनों के दौरान अधिकतर दुकानदारों ने अपने माप-तोल यंत्र सत्यापित करवा भी लिए हैं।
जिला माप एवं तोल निरीक्षक आशुतोष चौधरी ने बताया कि ददाहू और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के दुकानदारों व व्यापारिक संस्थाओं के माप, तोल यंत्र व पैमाने आदि के सत्यापन तथा जांच के लिए विश्राम गृह ददाहू में विशेष शिविर लगाया गया है। व्यापारी इस अवधि में अपने यंत्र व पैमानों को सत्यापित करवाना सुनिश्चित करें। ऐसा न करने पर उनके विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।