ददाहू (सिरमौर)। कोरोना वायरस के चलते आर्थिक बदहाली से जूझ रहे उपभोक्ताओं की रसोई गैस सब्सिडी अब खाते में नहीं आएगी। केंद्र सरकार ने आर्थिक दृष्टिकोण से समस्त गैस उपभोक्ताओं को एक ही श्रेणी में शामिल किया है। इसके तहत सब्सिडी बंद करने के साथ ही गैस के दामों में करीब 200 से 250 रुपये प्रति सिलिंडर की कटौती कर दी है यानि जो सब्सिडी लोगों के बैंक खातों में जमा होती थी, उतने दाम सरकार ने घटा दिए।
जिले के गैस उपभोक्ताओं को अब यह सिलिंडर मात्र 600 से 620 रुपये के बीच मिलेगा, जिसमें अलग से सब्सिडी का कोई प्रावधान नहीं है। जबकि इससे पूर्व उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर महंगा होने के साथ उसे सब्सिडी भी दी जाती थी, जो उपभोक्ताओं के बैंक खाते में सीधे जमा होती थी। हालांकि, कुछ एक धनाढ्य व सुविधा संपन्न लोगों ने स्वेच्छा से भी गैस सब्सिडी को छोड़ दिया था। उसके बाद में केंद्र सरकार ने आयकर दाता उपभोक्ताओं की सब्सिडी को रद्द भी कर दिया था लेकिन उसके बावजूद भी अधिकतर उपभोक्ता गैस सिलिंडर की सब्सिडी प्राप्त करते आ रहे थे जिसे इस माह से बंद कर दिया गया है।
कोरोना संकट के इन हालातों से निपटने तक सभी उपभोक्ताओं को कम दरों पर ही गैस सिलिंडर की आपूर्ति की जाएगी। उन्हें कोई सब्सिडी अलग से अब नहीं मिल सकेगी। उधर, डीएफएससी सिरमौर आदित्य बिंद्रा ने कहा कि कोरोना संकट के दौरान लोगों की आर्थिक दशा में सुधार करते हुए केंद्र सरकार ने अमीर, गरीब व सामान्य वर्ग के सभी उपभोक्ताओं को एक ही श्रेणी में शामिल करके गैस सब्सिडी को बंद कर दिया है।
जिले के सभी उपभोक्ताओं को अब एक समान गैस न्यूनतम दरों में ही 600 से 620 रुपये के बीच अदा किए जाएंगे। इस पर अलग से सब्सिडी का कोई प्रावधान नहीं है।
------------------