नाहन (सिरमौर)। नाहन शहर के उपभोक्ताओं को मई माह में गैस सिलिंडर के लिए 602 रुपये चुकाने होंगे। नई गाइड लाइन के अनुसार मई माह में गैस सिलिंडर की कीमत 602 रुपये निर्धारित की गई है। अप्रैल माह में इसकी कीमत 792 रुपये थी। ऐसे में इस माह गैर सब्सिडी वाले उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर 190 रुपये सस्ता मिलेगा। जबकि सब्सिडी वाले उपभोक्ताओं को भी इतनी ही राशि डिलीवरी ब्वॉय को मौके पर कम देनी होगी। शहरी गैस एजेंसी नाहन के प्रभारी विक्रांत ठाकुर ने गैस देरी से मिलने तथा ज्यादा पैसे लेने की शिकायतों के मद्देनजर उपभोक्ताओं के लिए गाइडलाइन जारी की है। एजेंसी प्रभारी विक्रांत ठाकुर ने कहा कि मई माह में शहर व आसपास के हिस्सों में डीबीटीएल का सिलिंडर सब्सिडी के साथ 601.50 रुपये में मिलेगा। पिछले माह इसकी कीमत 792 रुपये थी। विक्रांत ठाकुर ने कहा कि इस माह उपभोक्ताओं को कितनी सब्सिडी मिलेगी यह निर्धारित नहीं है। अप्रैल माह में सब्सिडी वाले सिलिंडर पर 190.05 पैसे रुपये की सब्सिडी दी गई थी। विक्रांत ठाकुर ने कहा कि उपभोक्ता स्लिप के आधार पर डिलीवरी मैन को पैसे का भुगतान करें। उपभोक्ता बिना गैस रसीद के डिलीवरी मैन को पैसे का भुगतान नहीं करें। साथ ही डिलीवरी मैन से गैस की कॉपी पर गैस मिलने की एंट्री अवश्य करवाएं। उन्होंने कहा कि यदि डिलीवरी मैन उपभोक्ताओं से ज्यादा पैसे ले रहा है तो वह गैस एजेंसी में सीधे आकर अथवा दूरभाष नंबर 01702-2601 पर सीधे शिकायत कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि वैसे तो उपभोक्ता अब आईवीआरएस नंबर 9882554411 पर कॉल कर सिलिंडर बुक करवा सकते हैं। लेकिन लॉकडाउन के चलते उपभोक्ताओं को गैस सिलिंडर बुक करवाने की भी आवश्यकता नहीं है। वह क्षेत्र में आए गैस सिलिंडर डिलिवरी मैन से सीधे गैस सिलिंडर ले सकते हैं।