स्वास्थ्य मंत्री ने केंद्र स्थल का किया दौरा, अधिकारियों के साथ बैठक कर लिया निर्णय
बोले, केंद्र के लिए 5.34 करोड़ की धनराशि का प्रावधान पहले ही कर चुकी है सरकार
संवाद न्यूज एजेंसी
राजगढ़ (सिरमौर)। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल ने शुक्रवार को कोटला बड़ोग में बनने वाले आधुनिक नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थल का दौरा कर निरीक्षण किया। उन्होंने अतिरिक्त मुख्य सचिव, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता श्याम भगत नेगी और अनुसूचित जाति,अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक एवं विशेष रूप से सक्षम सशक्तिकरण विभाग के निदेशक सुमित खिमटा तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ चर्चा की। 142.7 बीघा भूमि का चयन किया। स्वास्थ्य मंत्री ने नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र के निर्माण प्रकिया को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इसके लिए 5.34 करोड़ की धनराशि का प्रावधान प्रदेश सरकार की ओर से पहले ही किया जा चुका है। उन्होंने कहआ कि हमारे युवा प्रदेश एवं देश का भविष्य हैं और केवल ऊर्जावान युवाओं से ही समृद्ध राष्ट्र की कल्पना संभव है।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी सिरमौर एलआर वर्मा, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग सुरेश कपूर, मुख्य वास्तुकार राजीव शर्मा, एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सिरमौर डॉ. राकेश प्रताप, अधीक्षण अभियंता अरविंद शर्मा, उपनिदेशक पशुपालन डॉ. संदीप सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।