-अरावली एसोसिएशन को मिला कार्य का जिम्मा, प्रधानाचार्यों को सहयोग के निर्देश
शिक्षा निदेशक की स्वीकृति के बाद उपनिदेशक कार्यालय ने जारी की चयनित स्कूलों की सूची
चंद्र ठाकुर
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिले के 30 सरकारी स्कूलों में विज्ञान प्रयोगशालाएं स्थापित की जाएंगी। शिक्षा निदेशक, हिमाचल प्रदेश से अनुमति मिलने के बाद उपनिदेशक उच्च शिक्षा, सिरमौर कार्यालय ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। प्रयोगशालाओं की स्थापना का कार्य अरावली एसोसिएशन के माध्यम से किया जाएगा। साथ ही संबंधित स्कूलों के प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों के हित में संस्था को हरसंभव सहयोग प्रदान करें।
उपनिदेशक कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार शिक्षा निदेशक कार्यालय से प्राप्त स्वीकृति के आधार पर जिले के चयनित विद्यालयों में विज्ञान प्रयोगशालाएं स्थापित करने की अनुमति दी गई है। इसके साथ ही उन विद्यालयों की सूची भी संस्था को उपलब्ध करा दी गई है, जहां प्रयोगशालाओं की स्थापना की जानी है।
जिले के कुल 30 विद्यालय इस योजना में शामिल किए गए हैं। इनमें 27 राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय और तीन राजकीय उच्च विद्यालय शामिल हैं। नाहन विधानसभा क्षेत्र में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनेठी, चाकली, सैनवाला, हरिपुरखोल, बिक्रमबाग, जब्बल का बाग, धौण, भेड़ों और मात्तर के अलावा राजकीय उच्च विद्यालय लोहगढ़ का चयन किया गया है।
पांवटा साहिब विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बनौर, किल्लौड़, बातामंडी, टोका नगला और रामपुरघाट को योजना में शामिल किया गया है। वहीं, रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र के भवाई, रजाना, लुधियाना और मंडवाच राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के साथ राजकीय उच्च विद्यालय कजवा में भी विज्ञान प्रयोगशाला स्थापित होगी।
इसके अलावा पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के भरोली, वासनी, शरगांव, कंगर धारयार और हब्बन विद्यालयों का चयन किया गया है। शिलाई विधानसभा क्षेत्र में मिल्लाह, टिंबी, नैनीधार और कठवार राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों के साथ राजकीय उच्च विद्यालय पोका में भी प्रयोगशाला स्थापित की जाएगी।
शिक्षा विभाग का मानना है कि विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना से विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि वे प्रयोगों के माध्यम से विज्ञान की अवधारणाओं को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे। इससे विज्ञान विषय की पढ़ाई अधिक व्यावहारिक, प्रभावी और रुचिकर बनेगी।
अरावली संस्था के निदेशक डॉ. यशपाल शर्मा ने बताया कि विज्ञान प्रयोगशाला निर्माण को लेकर बचीं कुछ औपचारिकताएं पूरी की जा रहीं हैं। इसके बाद कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिरमौर के अलावा शिमला और सोलन में भी इस तरह की प्रयोगशालाओं का निर्माण किया जाएगा।
जिला उपनिदेशक उच्च शिक्षा सिरमौर विजय राघव ने पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं कि वे विज्ञान प्रयोगशालाओं की स्थापना के दौरान अरावली एसोसिएशन को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएं, ताकि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके और विद्यार्थियों को शीघ्र इसका लाभ मिलना शुरू हो। संवाद