क्रस्ना डॉयग्नोस्टिक कंपनी की मेडिकल कॉलेज में स्थापित लैब में सैंपल का परीक्षण करतीं लैब कर्मी
- फोटो : NAHAN
नाहन (सिरमौर)। डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन में अब मरीजों को टेस्ट रिपोर्ट के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा। क्रस्ना डायग्नोस्टिक कंपनी की ओर से मेडिकल कॉलेज में स्थापित लैब को शुरू कर दिया गया है। ऐसे में अब लोगों को रोजमर्रा की टेस्ट रिपोर्ट साथ-साथ मिल जाएगी। पहले लोगों को इन रिपोर्टों के लिए दो से तीन दिन का इंतजार करना पड़ रहा था।
कंपनी की ओर से गायनी ओपीडी के निचले कक्ष में लैब को स्थापित किया गया है। यहां पर मरीजों के टेस्ट के लिए अत्याधुनिक मशीनें स्थापित कर इन्हें शुरू कर दिया गया है। हालांकि कुछ मशीनों को पूरी तरीके से शुरू होने में अभी एक दो दिन का समय और लगेगा। ऐसे में कुछ सैंपल टेस्ट के लिए अभी भी बाहर भेजे जा रहे हैं।
गौरतलब है कि एसआर लैब की जगह क्रस्ना डायग्नोस्टिक कंपनी ने मेडिकल कॉलेज में बीती 22 मई से कार्य शुरू किया है। पहले कोविड अस्पताल के एक कमरे में सैंपल लिए जा रहे हैं। इन्हें जांच के लिए पठानकोट, अमृतसर और मोहाली की प्रयोगशालाओं में भेजा जा रहा था। ऐसे में रिपोर्ट आने में काफी समय लग रहा था। सामान्य टेस्ट की रिपोर्ट जो साथ के साथ मिल जाती थी वह दूसरे या तीसरे दिन मिल रही थी। ऐसे में मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी।
कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. श्याम लाल कौशिक ने बताया कि क्रस्ना डायग्नोस्टिक कंपनी ने मेडिकल कॉलेज में लैब को संचालित कर दिया है। उन्होंने बताया कि अब मरीजों के सभी टेस्ट यहीं पर हो रहे हैं और रिपोर्ट भी साथ-साथ मिल रही है। उन्होंने बताया कि कंपनी को लैब का ढांचा स्थापित करने में थोड़ा समय जरूर लगा है। अब लोगों को रिपोर्ट के लंबे इंतजार से निजात मिलेगी।
मेडिकल कालेज नाहन में स्थापित क्रस्ना डायग्नोस्टिक में टेस्ट लिए पंजीकरण करवाते मरीज। संवाद- फोटो : NAHAN