सिटी स्पोर्ट्स
कोटड़ी व्यास विद्यालय में विजेता खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत हुआ
हैंडबॉल, टीटी, योग, जूडो व कुश्ती में बेहतर प्रदर्शन से बढ़ाया गौरव
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के अंतर्गत हिमाचल प्रदेश स्कूल खेलकूद में शहीद कमल कांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। जिला स्तर पर विद्यालय का नाम रोशन किया। जिला स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन कर विद्यालय लौटे खिलाड़ियों का शुक्रवार को विद्यालय पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया।
विद्यालय की खेल उपलब्धियों की जानकारी देते हुए स्टाफ सचिव शशि बाला ने बताया कि विद्यालय के खिलाड़ियों ने हैंडबॉल, टेबल टेनिस, योग, जूडो, कुश्ती तथा रग्बी सहित विभिन्न खेलों में शानदार प्रदर्शन किया है। विजेता टीम के खिलाड़ियों ने अपनी विजेता ट्रॉफियां विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी को सौंपी। विद्यालय प्रशासन, कर्मचारी तथा विद्यार्थियों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का स्वागत किया व उपलब्धियों पर खुशी व्यक्त की है।
शशिबाला ने बताया कि अंडर-19 लड़कियों की जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास की टीम विजेता रही। अंडर-19 लड़कों के हैंडबॉल में जिले में तृतीय स्थान तथा अंडर-14 वर्ग में विद्यालय की लड़कियों ने टेबल टेनिस में जिला विजेता व हैंडबॉल में तृतीय स्थान तथा टेबल टेनिस में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
जूडो और कुश्ती में भी विद्यालय के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कई पदक अपने नाम किए। अंडर-19 योग प्रतियोगिता में कोटड़ी व्यास के खिलाड़ियों ने चार अलग-अलग स्पर्धाओं में 3 स्वर्ण और 3 रजत पदक हासिल किए। इस प्रदर्शन के आधार पर विद्यालय की योग टीम सिरमौर में उपविजेता रही। विद्यालय के खिलाड़ियों ने खेलो इंडिया अस्मिता लीग में भी शानदार प्रदर्शन कर अंडर-15 में प्रथम व वरिष्ठ वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया।
स्थानीय प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल प्रभारी को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी। साथ ही खिलाड़ियों को आगामी राज्य एवं उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दी है। इस अवसर पर विद्यालय कर्मचारी के रघुवीर तोमर, शशि गुप्ता, उर्मिला शर्मा, किरण कपूर, किरण चौहान, ज्योति कुमारी, ओम प्रकाश, राकेश, बलदेव, असलम, जयदीप, सुमन और गुमान सिंह,एसएमसी अध्यक्ष मान सिंह तथा अन्य सदस्य मौजूद रहे।