संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर में बुधवार को एकदिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया जाएगा। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय (एमएसडीई) भारत सरकार के अधीन इंस्ट्रूमेंटेशन ऑटोमेशन सर्विलांस एंड कम्युनिकेशन सेक्टर स्किल काउंसिल (आईएएससी एसएससी) के माध्यम से यह कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
हिमाचल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, औद्योगिक क्षेत्र गोंदपुर पांवटा साहिब के अध्यक्ष सतीश गोयल ने बताया कार्यशाला में उद्योग सत्र के तहत औद्योगिक स्वचालन, उभरती प्रौद्योगिकियों, शिक्षुता के अवसरों और उद्योग की जरूरतों के अनुरूप कुशल कार्यबल तैयार करने जैसे विषयों पर विशेषज्ञ जानकारी देंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं को कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित मानव संसाधन तैयार करना है। संवाद