धौलाकुआं (सिरमौर)। 14 अगस्त को सांसद एवं बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर की तिरंगा यात्रा की तैयारी को लेकर ग्राम पंचायत एवं नवयुवक मंडल कोलर संयुक्त बैठक झांकी मैदान में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए पंचायत प्रधान अमर सिंह व भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व जिला अध्यक्ष संजय शर्मा ने बताया कि यात्रा सुबह नौ बजे राजकीय माध्यमिक पाठशाला सुखचैनपुर से आरंभ होकर सीनियर सेकेंडरी स्कूल कोलर तक आयोजित होगी। इस दौरान झांकी क्रिकेट स्टेडियम के पास एक विशाल जनसमूह द्वारा राष्ट्रीय गान गाया जाएगा। यात्रा की अगुवाई बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर व प्रदेश भाजपा के प्रवक्ता डॉ. राजीव बिंदल करेंगे।
यात्रा के सहप्रभारी व पंचायत उपप्रधान दिनेश ने बताया कि यात्रा का सारा खर्च कोलर ग्राम पंचायत के लोग करेंगे।
संजय शर्मा ने बताया कि अनुराग ठाकुर का राजनीतिक कॅरिअर कोलर से शुरू हुआ था। यह उनका कोलर गांव में सातवां दौरा है। इसको लेकर युवाओं में बेहद उत्साह है। तिरंगा यात्रा को लेकर कमेटियों का गठन भी किया गया है। स्वागत समिति में सुनीता देवी, सोमा देवी, किरण बाला, अमरजीत कौर, रोशनी देवी, कपिल देव, पुष्पेंद्र सिंह व देशराज को शामिल किया गया है। इसके अलावा लाल सिंह, बलवंत, सिरमौर सिंह, रणजीत सिंह, धर्म सिंह आदि को ट्रैफिक कंट्रोल का जिम्मा सौंपा गया है। कमल नवयुवक मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मी कांत शर्मा पूरे कार्यक्रम की देखरेख करेंगे।