रेलिंग की दीवार पर प्रदेश और देश के महत्वपूर्ण पदों का इतिहास किया चस्पां
दीवारों पर उकेरित सामान्य ज्ञान में दक्ष होंगे विद्यार्थी
पंकज तन्हा
नाहन (सिरमौर)। देश का पहला प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति कौन था। उनका कार्यकाल कितना रहा। इसके बाद इन महत्वपूर्ण पदों पर कौन, कब-कब और कितने समय के लिए आसीन रहा। इसकी जानकारी अब सिरमौर जिले की सबसे पुरानी पाठशाला के विद्यार्थियों की अंगुलियों पर होगी।
दरअसल, 243 साल पुराने शमशेर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र) नाहन की दीवारों पर ज्ञान का भंडार उकेरा गया है। प्रधानाचार्य राजकुमार चौहान ने छात्रों का ज्ञान बढ़ाने के मकसद से विद्यालय परिसर की दीवारों को खुली किताब का रूप दिया है। उन्होंने दीवारों पर देश और प्रदेश के महत्वपूर्ण गरिमामयी पदों के पूरे इतिहास को चस्पां किया है। उनका मकसद है कि विद्यार्थी देश-प्रदेश के इतिहास से रूबरू हों और यह सब उनकी नजरों के सामने रहे, ताकि वह इसे पढ़कर अपना ज्ञान बढ़ा सकें।
इस मकसद से स्कूल की रेलिंग की दीवारों पर राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, लोकसभा स्पीकर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, विधानसभा अध्यक्ष, होईकोर्ट के न्यायाधीशों का पूरा इतिहास उकेरा गया है। इसमें उनके कार्य करने के क्रम अनुसार, अवधि और उपलब्धि को भी दर्शाया गया है।
यही नहीं, विद्यार्थी अपने देश के महत्वपूर्ण वैज्ञानिकों और नोबल पुरस्कार विजेताओं से रूबरू हो सकें। इसलिए उनके नाम भी दीवारों पर चस्पां किए गए हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को हिमाचल प्रदेश की भौगोलिक स्थिति और दूसरी अहम चीजों से रूबरू करवाने का भी प्रयास हुआ है। इसके लिए हिमाचल प्रदेश का इतिहास भी चित्र के माध्यम से दीवार पर उकेरा गया है।
देश की आजादी में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और ब्रह्मांड का चित्र भी दीवारों पर बनाए गए हैं। मंच पर भारत के संविधान को भी दर्शाया गया है। इसमें संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर लोगों को अपनी और आकर्षित कर रही है।
-बाक्स
स्कूल के चप्पे-चप्पे से विद्यार्थी सीखें, ये मकसद
प्रधानाचार्य राजकुमार चौहान ने बताया कि विद्यार्थी किताबों से तो सीख ही रहे हैं, लेकिन स्कूल कर हर कोना, दीवार उनको ज्ञान दे, ये उनका मकसद है। इसी के चलते स्कूल परिसर की दीवारों को खुली किताब बनाने का प्रयास किया गया है। इससे बच्चों के साथ बड़े भी अपडेट रह पाएंगे।
संवाद
शमशेर स्कूल नाहन की दिवारों पर उकेरा महत्वपूर्ण पदों का इतिहास व स्वतंत्रता सेनानी। संवाद
शमशेर स्कूल नाहन की दिवारों पर उकेरा महत्वपूर्ण पदों का इतिहास व स्वतंत्रता सेनानी। संवाद
शमशेर स्कूल नाहन की दिवारों पर उकेरा महत्वपूर्ण पदों का इतिहास व स्वतंत्रता सेनानी। संवाद