निर्धारित दिन से एक दिन पहले स्कूल में देनी होगी उपस्थिति : अरुण शर्मा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। शारीरिक शिक्षक संघ शिक्षा खंड नाहन की बैठक खेल प्रभारी अरुण शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में स्कूलों की खेलकूद प्रतियोगिता के खंड स्तरीय ट्रायल के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामा का चयन किया गया। बैठक में छात्र वर्ग के ट्रायल 4 अक्तूबर और छात्रा वर्ग के ट्रायल 5 अक्तूबर को लेने का अंतिम निर्णय लिया गया।
खेल प्रभारी अरुण शर्मा ने कहा कि ट्रायल से एक दिन पहले स्कूल में खिलाड़ियों की अनुपस्थिति अनिवार्य रहेगी। उन्होंने कहा कि ट्रायल में जिला स्तरीय खेलकूद के लिए खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।
बैठक के दौरान शारीरिक शिक्षक संघ शिक्षा खंड नाहन की कार्यकारिणी का भी विस्तार किया गया। इसमें सर्वसम्मति से पंजाहल स्कूल से संजीव राणा को महासचिव, जाबल का बाग स्कूल से सुरेंद्र सिंह को वरिष्ठ उपप्रधान, शमशेर स्कूल नाहन से अजय शर्मा को कोषाध्यक्ष, बनकला स्कूल से ताराचंद को प्रेस सचिव नियुक्त किया गया। नव निर्वाचित सदस्यों को खेल प्रभारी अरुण शर्मा और शारीरिक शिक्षक संघ के प्रधान हरीश शर्मा ने नव दायित्व के लिए बधाई दी और भविष्य में संघ के सहयोग की अपेक्षा जाहिर की। बैठक में अरुण शर्मा खेल प्रभारी, हरीश शर्मा प्रधान के अतिरिक्त संजीव राणा, वीरेंद्र शर्मा, अजय शर्मा, सुरेंद्र ठाकुर, विक्रम ठाकुर, अरुण शर्मा, हरबंस, अवतार सिंह और तारा चंद आदि शारीरिक शिक्षक उपस्थित रहे।
-संवाद