कफोटा में संपन्न खेलकूद प्रतियोगिता में मुख्यातिथि के साथ विजेता कफोटा स्कूल की टीम। संवाद
-सोलो सॉन्ग और लोक नृत्य में पहला, भाषण और कबड्डी में पाया दूसरा स्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
कफोटा/शिलाई (सिरमौर)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कफोटा में आयोजित चार दिवसीय अंडर-14 ब्लॉक स्तरीय खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता बुधवार को संपन्न हुई। प्रतियोगिता में कफोटा विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और दो रजत पदक जीतकर विद्यालय को गौरवान्वित किया।
समापन समारोह में एसवीएन स्कूल कफोटा के प्रबंध निदेशक सुरजन कपूर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। उन्होंने विजेता प्रतिभागियों और टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना की। प्रतियोगिता में कफोटा विद्यालय के विद्यार्थियों ने सोलो सॉन्ग में और लोक नृत्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया। इसके अलावा भाषण और कबड्डी प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया।
विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर सभी विजेता विद्यार्थियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में छिपी प्रतिभा को निखारने के साथ उनके आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी बढ़ावा देती हैं।