पांवटा साहिब गीता भवन से मुख्य बाजार होकरश्री राधाकृष्ण मंदिर तक कलश यात्रा निकालतेभक्तगण:
शनिवार से सोमवार तक चलेगा प्राण प्रतिष्ठा समारोह
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शुक्रवार को गीता भवन पांवटा साहिब से मुख्य बाजार होकर श्री राधा-कृष्ण हनुमान मंदिर यमुना तट तक कलश यात्रा निकाली गई। शनिवार से सोमवार तक पांवटा साहिब यमुना तट पर स्थित मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ की प्राण प्रतिष्ठा समारोह कार्यक्रम होगा।
श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट अध्यक्ष हरविंद्र कुमार और नीरज उदवानी ने बताया कि 8, 9 और 10 नवंबर 2025 को राधा-कृष्ण हनुमान मंदिर, यमुना तट, पांवटा साहिब में भगवान श्री जगन्नाथ जी की प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जा रहा है। इस पावन अवसर पर भजन संध्या, यज्ञ, कथा, प्रसाद वितरण एवं अनेक आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। स्वामी भक्ति योग महाराज तथा एचएच परमानंद दास अध्यक्ष मधुबन आश्रम ऋषिकेश के पावन सानिध्य में श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट, पांवटा साहिब निरंतर सनातन संस्कृति, वैदिक ज्ञान, साहित्य और शांति के संदेश के प्रसार को कार्यरत है।
इसी के तहत राधा-कृष्ण हनुमान मंदिर यमुना तट पांवटा साहिब में भगवान जगन्नाथ की प्राण प्रतिष्ठा समारोह आयोजित किया जा रहा है। श्री जगन्नाथ सेवा ट्रस्ट की ओर से रथयात्रा का आयोजन शुक्रवार 14 नवंबर को सुबह दस बजे शिव मंदिर बद्रीपुर से किया जा रहा है। रथयात्रा में सैकड़ों वैष्णव भक्त, भजन मंडलियां एवं विभिन्न शिक्षण संस्थान भाग लेंगे।
संवाद