धौलाकुआं से नाहन तक हुआ भव्य स्वागत
गुरु रविदास के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान
संवाद न्यूज एजेंसी
धौलाकुआं/नाहन (सिरमौर)। गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी की कलश वंदन यात्रा सोमवार को सिरमौर पहुंची। गुरु रविदास की जन्मस्थली काशी (वाराणसी) के सीर गोवर्धनपुर से लाई मिट्टी और जल से सुशोभित कलश का धौलाकुआं, माजरा और नाहन में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ भव्य स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर कलश का अभिनंदन किया। गुरु रविदास महाराज के जयघोषों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
माजरा और नाहन में यात्रा के पहुंचने पर श्रद्धालुओं ने कलश का स्वागत किया। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने पावन कलश के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा समाज में समरसता, समानता और भाईचारे को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। कलश के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह रहा।
माजरा में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मनीष चौहान ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से देशभर में समरसता संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत संत गुरु रविदास की जन्मस्थली से लाई गई पावन मिट्टी और जल से सुशोभित कलश वंदन यात्रा विभिन्न राज्यों और जिलों में पहुंच रही है।
नाहन में आयोजित स्वागत समारोह में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि संत गुरु रविदास केवल महान संत ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और समानता के प्रखर प्रवक्ता भी थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अपनी संत परंपरा और आध्यात्मिक विरासत को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ा रहा है। कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।