कालाअंब में खस्ताहाल नेशनल हाईवे 07 से गुजरते वाहन। संवाद
69 लाख रुपये स्वीकृत, एनएचएआई ने पूरी करवाई निविदाएं
संवाद न्यूज एजेंसी
कालाअंब (सिरमौर)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में लंबे समय से बदहाल पड़े राष्ट्रीय उच्च मार्ग-07 के सुधारीकरण का कार्य जल्द शुरू होगा। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने कालाअंब से सैनवाला तक करीब 8 किलोमीटर लंबे क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत के लिए 69 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इसके लिए निविदा प्रक्रिया पूरी कर ली हैं। निविदाएं खुलने के बाद ठेकेदार को कार्य आवंटित किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक एनएच-07 की कालाअंब से सैनवाला तक हालत बेहद खराब हो चुकी है। जगह-जगह पड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। न केवल वाहनों को नुकसान पहुंच रहा है, बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी लगातार बनी हुई है। स्थानीय लोगों में विक्रम सिंह, दीपक, मोहित, अरुण, पवन, मुकेश, रोहित और अजय ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के चलते कालाअंब से सैनवाला तक मात्र 8 से 10 किलोमीटर का सफर तय करने में पौने घंटे तक का समय लग रहा है।
भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिशाषी अभियंता राकेश खंडूजा ने बताया कि कालाअंब से सैनवाला तक एनएच-07 के सुधार कार्य के लिए 69 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। उन्होंने कहा कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और बहुत जल्द कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
संवाद