संवाद न्यूज एजेंसी
सतौन (सिरमौर)। राजकीय महाविद्यालय कफोटा के विद्यार्थियों ने राजकीय महाविद्यालय पझौता की ओर से आयोजित जिला स्तरीय अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव में हिस्सा लेकर शानदार सफलता हासिल की। इस प्रतियोगिता में कफोटा कॉलेज से प्रश्नोत्तरी स्पर्धा में निकिता (कला स्नातक तृतीय वर्ष), कमलेश (कला स्नातक तृतीय वर्ष), चंद्रिका (कला स्नातक तृतीय वर्ष) ने प्रथम स्थान पाया। जबकि कार्टूनिंग व कोलॉज प्रतियोगिता में निकिता (कला स्नातक तृतीय वर्ष) ने तीसरा स्थान पाया। इसके अतिरिक्त नीलम (कला स्नातक द्वितीय वर्ष), पायल (कला स्नातक द्वितीय वर्ष), साक्षी (कला स्नातक तृतीय वर्ष) और शीतल (कला स्नातक तृतीय वर्ष) ने भी अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज करवाई।
महाविद्यालय के प्राचार्य एवं संपूर्ण स्टाफ ने विजेता और प्रतिभागी छात्रों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की निरंतर मेहनत, समर्पण और उचित मार्गदर्शन का परिणाम है। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी ऐसे ही प्रतियोगिताओं में महाविद्यालय को गौरवान्वित करने की शुभकामनाएं दीं।
-संवाद