डीएवीएन पब्लिक स्कूल ददाहू में मनाई गई संत कबीर जयंती
-
संवाद समाचार एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। डीएवीएन पब्लिक स्कूल ददाहू में सोमवार को संत कबीर जयंती मनाई गई। इस अवसर पर संत कबीर को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके जीवन, विचारों और आदर्शों को याद किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को उनके बताए मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी गई। विद्यालय के प्रधानाचार्य धनेंद्र गोयल ने कहा कि भारत अनेक महान संतों की पावन भूमि रहा है और संत कबीर उनमें प्रमुख स्थान रखते हैं।
उन्होंने कहा कि संत कबीर के विचार आज भी समाज को सत्य, सद्भाव और मानवता का संदेश देते हैं। अध्यापक मामराज शर्मा ने कहा कि संत कबीर के दोहे दैनिक जीवन के लिए अत्यंत शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक हैं। उनके संदेश व्यक्ति को सही जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करते हैं। अध्यापिका अनीशा शर्मा ने कहा कि संत कबीर अपने समय के महान संत और ज्ञान के प्रतीक थे। उनके दोहों में जीवन का गहन दर्शन, मार्गदर्शन और नैतिक मूल्यों का समावेश है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने भी संत कबीर के जीवन और उनके दोहों पर अपने विचार साझा किए।-