पीडब्ल्यूडी-7 ने सराहां-ए को मात देकर अगले चरण में किया प्रवेश
सराहां में कबड्डी और सांस्कृतिक स्पर्धा का एसडीएम ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। हिमाचल स्पोर्ट एंड कल्चर क्लब सराहां के सौजन्य से सराहां में कबड्डी व सांस्कृतिक स्पर्धा का आयोजन किया जा रहा है। इसका शुभारंभ बुधवार को एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्रा ने किया। एसडीएम ने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेलों में भाग लेने की अपील की।
सराहां के कुश्ती स्टेडियम में आयोजित इस प्रतियोगिता के शुभारंभ मौके पर एसवीएन स्कूल की रिया शर्मा, वर्णिका, वेदांशी व सखियों ने वंदे मातरम् गीत पेश किया। रिया शर्मा ने नशा एक अभिशाप है.., इस विषय पर अपने विचार प्रकट किए। इसके बाद शुरू हुई प्रतियोगिता का पहला कबड्डी मुकाबला सराहां-ए और पीडब्ल्यूडी-7 के बीच खेला गया।
इसमें पीडब्ल्यूडी-7 ने 45 के मुकाबले 44 के रोमांचक मुकाबले में सराहां-ए को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इस मौके पर तहसीलदार पच्छाद नरेंद्र चौहान, सुरेश शर्मा, अभिषेक कोंडल, अनुराग, निहित ठाकुर, आकाश, दीपक, निखिल, नीतीश, रोहन आदि मौजूद रहे। इस प्रतियोगिता का समापन वीरवार को राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी करेंगे।
-संवाद