विकास की बात
दो मंजिल तैयार, तीन मंजिल पर डाला जाएगा लेंटर, छठी पर डाली जाएगी चादर
देवराज शर्मा
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद उपमंडल के सराहां में 5.34 करोड़ रुपये की लागत से 6 मंजिला जेएमआईसी कोर्ट परिसर भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसके बनने से लोगों को एक ही छत के नीचे सभी सुविधाएं मिलेंगी। इससे कोर्ट से जुड़े मामलों का निपटारा भी शीघ्र हो सकेगा। भवन के निर्माण कार्य में गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
बता दें कि सराहां में सप्ताह में केवल एक दिन ही जेएमआईसी कोर्ट लगता है। कोर्ट परिसर की कमी के कारण जज और कर्मचारियों को विश्राम गृह में ही सात दिन रहना पड़ता है, जिससे स्टाफ और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ऐसे में अब यहां 6 मंजिला कोर्ट परिसर भवन का निर्माण किया जा रहा है। इसके पूरा होने पर पूरे महीने लोगों को कोर्ट की सुविधा उपलब्ध होगी। वर्तमान में दो मंजिलों पर लेंटर डाला जा चुका है। इसके बाद तीन और मंजिलों पर लेंटर डाला जाएगा, जबकि छठी मंजिल पर चादर डाली जाएगी।
सराहां पंचायत की प्रधान सुरती चौहान, बाग पशोग पंचायत की प्रधान राजेश्वरी शर्मा, बनाहां धिनी पंचायत के पूर्व प्रधान अनूप शर्मा, बजगा पंचायत प्रधान मानसिंह, बागथन पंचायत के उपप्रधान अनूप ठाकुर, देव स्वरूप शर्मा, नरेश कुमार, पूजा शर्मा और मधु शर्मा ने बताया कि सराहां में कोर्ट परिसर के निर्माण से लोगों को बड़ा लाभ मिलेगा। यहां पूरे महीने कोर्ट चल सकेगा, जिससे सभी पंचायतों के लोग लाभान्वित होंगे।
सराहां में बन रहे कोर्ट परिसर भवन का निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। कार्य को गुणवत्ता के साथ पूरा किया जा रहा है। कोर्ट परिसर भवन को अत्याधुनिक तरीके से बनाया जा रहा है।
-दिलीप सिंह कौंडल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग