विकास कार्यों को समयबद्घ पूरा करें सभी अधिकारी : सीमा
जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। जिला परिषद की बैठक में विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई। इस दौरान करीब 62 पुरानी मदों और वर्तमान की 20 मदों सहित वर्ष 2023-24 के मनरेगा की अतिरिक्त शेल्फ के अनुमोदन पर चर्चा हुई। इन मदों के तहत अधिकतर कार्य सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा परिवहन सुविधा आदि से संबंधित रहे।
जिला परिषद की त्रैमासिक बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष सीमा कन्याल ने कहा कि जिन मदों पर चर्चा हुई है उनपर शीघ्र कार्य किया जाना चाहिए ताकि लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी अधिकारियों से विभिन्न विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के लिए निर्देश दिए।
सीमा कन्याल ने कहा कि सभी विभागों की ओर से पंचायतीराज संस्थानों के प्रतिनिधियों को उनके क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सही जानकारी दी जानी चाहिए।
इस मौके पर जिला परिषद उपाध्यक्ष अंजना शर्मा, जिला परिषद सदस्य सरवन कुमार, नीलम देवी, सतीश ठाकुर, सुरेंद्र सिंह, अमृत कौर, ओम प्रकाष, पुष्पा देवी, चमेली देवी, विनय भगनाल, विद्या देवी आदि सदस्यों ने भी विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की और विभागों सेे इन कार्यों को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया।
इस दौरान सचिव जिला परिषद सिरमौर विक्रम ठाकुर ने बैठक में उठाए गए मदों को क्रमवार प्रस्तुत किया। इस दौरान विभिन्न खंड विकास अधिकारी, लोक निर्माण, जलशक्ति, बिजली, कृषि, बागवानी, शिक्षा आदि विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।