-सर्वसम्मति से हुआ निर्वाचन, उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने दिलाई पद एवं गोपनीयता की शपथ
-भाजपा कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांट और पटाखे फोड़कर मनाया जश्न, विजयी जुलूस निकाला
-प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप व अन्य भाजपा नेता हुए शामिल
संवाद न्यूज़ एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। सिरमौर जिला परिषद में भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष दोनों पदों पर काबिज हुई है। मंगलवार को नाहन में आयोजित जिला परिषद चुनाव के लिए बुलाई गई बैठक में ददाहू वार्ड की सदस्य शिवानी को सर्वसम्मति से अध्यक्ष और सराहां वार्ड के सदस्य बलदेव भंडारी को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित था, जबकि उपाध्यक्ष पद अनारक्षित था।
उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा की देखरेख में चुनाव प्रक्रिया संपन्न हुई। बैठक में भाजपा समर्थित 13 जिला परिषद सदस्यों ने भाग लिया। कोरम पूरा होने के बाद चुनाव प्रक्रिया पूरी की गई, जिसमें दोनों उम्मीदवारों को सर्वसम्मति से निर्वाचित घोषित किया गया। निर्वाचन के बाद उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
अध्यक्ष शिवानी ने कहा कि जिला परिषद के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी सदस्यों के सहयोग से कार्य किया जाएगा। वहीं, उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी ने कहा कि उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ किया जाएगा। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, पांवटा साहिब के विधायक सुखराम चौधरी, पच्छाद विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता, जिला मीडिया प्रभारी राकेश गर्ग सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इनसेट-1
जीत के बाद भाजपा ने निकाली विजयी रैली
जिला परिषद पर काबिज होने के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। जिला परिषद भवन से कालीस्थान तक विजयी रैली निकाली गई। रैली में भाजपा नेताओं, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर और मिठाइयां बांटकर खुशी जाहिर की। सांसद सुरेश कश्यप और भाजपा नेता बलदेव तोमर ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि जिला परिषद सिरमौर विकास कार्यों को नई गति प्रदान करेगी।
इनसेट-2
जनता के विश्वास और विकास की जीत : डॉ. बिंदल
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि सिरमौर जिला परिषद में भाजपा समर्थित अध्यक्ष और उपाध्यक्ष की जीत जनता के विश्वास, विकास और सुशासन के प्रति आस्था की जीत है। स्थानीय निकायों और पंचायत चुनावों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को मिल रहा जनसमर्थन प्रदेश में राजनीतिक बदलाव का संकेत है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, अधूरी गारंटियों और विकास कार्यों की धीमी गति से जनता निराश है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष शिवानी और उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी सिरमौर के समग्र विकास, ग्रामीण क्षेत्रों के सशक्तिकरण और जनसमस्याओं के समाधान के लिए समर्पित भाव से कार्य करेंगे।
-
पांचवीं बार श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को मिला नेतृत्व
नाहन। सिरमौर जिला परिषद अध्यक्ष का पद पांचवीं बार श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र को मिला है। सिरमौर जिला परिषद के पहले अध्यक्ष श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से नौहराधार से मास्टर सनू राम चौहान 31 दिसंबर 1995 से 22 जनवरी 2001 तक जिप अध्यक्ष रहे। उसके बाद राजेंद्र ठाकुर 18 जून 2003 से 22 जनवरी 2006 तक जिप अध्यक्ष रहे। 23 जनवरी 2006 से 22 जनवरी 2011 तक मंजू शर्मा जिप अध्यक्ष रही। वहीं, 6 फरवरी 2021 से 31 जनवरी 2026 तक सीमा कन्याल जिला परिषद अध्यक्ष रही। अब पांचवीं बार श्रीरेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा की शिवानी ने जिला परिषद अध्यक्ष के रूप में अपनी पारी शुरू की है।
-
-
नाहन में नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और भाजपा के प्रदेश, जिला व मंडल कार्यकर्ता।
नाहन में नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और भाजपा के प्रदेश, जिला व मंडल कार्यकर्ता।
नाहन में नवनिर्वाचित जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष और भाजपा के प्रदेश, जिला व मंडल कार्यकर्ता।