रेणुका मेले में किसान ने प्रतिभा का मनवाया लोहा
संवाद न्यूज एजेंसी
ददाहू (सिरमौर)। सैनधार क्षेत्र के बोराड़ा गांव के प्रगतिशील किसान जसवंत सिंह तोमर के 20 उत्पादों को रेणुका मेले में प्रथम, द्वितीय, तृतीय और सांत्वना पुरस्कार मिले। बीते वर्ष भी जसवंत सिंह के उत्पादों को 21 पुरस्कार प्राप्त हुए थे। इस बार उन्होंने 12 प्रथम, 3 द्वितीय, 2 तृतीय और 3 सांत्वना पुरस्कार हासिल किए हैं।
जसवंत सिंह 25 वर्षों से रेणुका मेले में अपने उत्पाद प्रदर्शित करते आ रहे हैं। इस बार भी उनके उत्पादों को कृषि और उद्यान विभाग की प्रदर्शनी में प्रदर्शित किया गया। हालांकि मेले में उद्यान विभाग की प्रदर्शनी को द्वितीय और कृषि विभाग की प्रदर्शनी को तृतीय पुरस्कार मिला है। इनमें जसवंत सिंह के सर्वाधिक उत्पाद प्रदर्शित किए गए थे।
जिन उत्पादों को पुरस्कार मिला है, उनमें अदरक, अरबी, कचालू, मक्की, उड़द, धनिया, प्याज, बैंगन, मूली, मेथी, लहसुन और नींबू को प्रथम पुरस्कार मिला। घीया, लहसुन और मूली को द्वितीय, राजमा और कद्दू को तृतीय, जबकि मसूर दाल, सूरजमुखी और चना को सांत्वना पुरस्कार से नवाजा गया।
कृषि विभाग के उपनिदेशक डॉ. राजकुमार ने जसवंत सिंह को सर्वाधिक पुरस्कार हासिल करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ही प्रदर्शनियों का आयोजन मेलों में किया जाता है।