खनन पट्टे को लेकर ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने जाहिर की खुशी
बागथन पंचायत के कनूथ गांव में खनन पट्टे को लेकर हुई जनसुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
सराहां (सिरमौर)। पच्छाद क्षेत्र के अंतर्गत बागथन पंचायत के कनूथ गांव में खनन पट्टा को लेकर क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड पांवटा ने जनसुनवाई की। इस दौरान लोगों और पंचायत प्रतिनिधियों के सुझाव भी लिए गए।
कार्यक्रम की अध्यक्षता सिरमौर के अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एलआर वर्मा ने की। उन्होंने ग्रामीणों को कनूथ गांव में खनन पट्टा स्थापित करने की जानकारी दी और इस बारे में अपने सुझाव मंच पर रखने का आह्वान किया। उन्होंने किसी चीज को आपत्ति होने को लेकर भी अपने विचार खुलकर मंच से रखने की बात कही।
ग्रामीणों ने खनन पट्टा स्थापित किए जाने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इससे रोजगार मिलेगा और आर्थिक स्थिति अच्छी होगी। पूर्व पंचायत प्रधान सिरमौर सिंह, बागथन पंचायत के उपप्रधान अनूप ठाकुर, बजगा पंचायत के पूर्व प्रधान भूपेंद्र भंडारी, रणदीप ठाकुर, बजगा पंचायत के उपप्रधान जयप्रकाश, बागथन पंचायत की प्रधान सरोज बाला ने कहा कि इसके लगने के लिए जो नियम और शर्तें रखी गई हैं, उनको पूरा किया जाए ताकि पर्यावरण, लोगों के घरों, नकदी फसलों और जलस्रोतों पर कोई प्रभाव न पड़े।
इस मौके पर एसडीएम पच्छाद डॉ. प्रियंका चंद्र, राज्य प्रदूषण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अतुल परमार, जिला खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा, आवेदक हरिकिशन शर्मा, मोनिका शर्मा समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
-संवाद