फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जनमंच में बिना मास्क प्रवेश नहीं, छह फीट की दूरी पर होगी कुर्सियां

विज्ञापन
विज्ञापन
नाहन (सिरमौर)। कोरोनाकाल के बीच प्रस्तावित जनमंच कार्यक्रम में बिना मास्क के किसी को आने की इजाजत नहीं दी जाएगी। जनमंच में आने वालों के लिए कुर्सियां छह फीट की दूरी पर लगेंगी। इसके अलावा सर्दी और खांसी से पीड़ित किसी भी व्यक्ति को जनमंच में आने की इजाजत नहीं होगी। यह बात उपायुक्त डॉ. आरके परूथी ने जनमंच की तैयारियों पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने बताया कि श्रीरेणुका जी विधानसभा क्षेत्र के तहत व्योंग टटवा पंचायत के कोरग सीसे स्कूल में आठ नवंबर को कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी करेंगे। इस अवसर पर डॉ. परुथी ने कहा कि कोरोना संकट के मद्देनजर प्रदेश सरकार ने इस बार जनमंच के आयोजन के संबंध में विशेष एसओपी जारी की है। कोरग में प्रस्तावित जनमंच में इन दिशा-निर्देशों की कड़ी अनुपालना सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी अधिकारियों को जनमंच आयोजन स्थल पर आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए हैं। उपायुक्त ने बताया कि 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों, बच्चों, गर्भवती महिलाओं और सर्दी-जुकाम, बुखार जैसे लक्षण वाले लोगों को जनमंच में आने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके अतिरिक्त, बिना मास्क किसी को भी आयोजन में शामिल होने नहीं दिया जाएगा और सभी व्यक्तियों को अपने मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड कर इनस्टॉल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजन स्थल पर कोरोना टेस्टिंग का प्रावधान भी किया जाएगा। पंडाल में कुर्सियों के बीच कम से कम 6 फीट की दूरी कायम रखने के अलावा पंडाल में सैनिटाइजर, थर्मल स्क्रीनिंग तथा मास्क की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी। उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि जनमंच के दौरान स्थापित काउंटर के बीच भी पर्याप्त दूरी होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से सीधे संपर्क में आने वाले कर्मचारियों को फेस शील्ड उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्कूल परिसर को 7 नवंबर और 8 नवंबर को जनमंच कार्यक्रम के समाप्त होने के बाद सैनिटाइज करवाने के निर्देश भी दिए। बैठक में परियोजना अधिकारी जिला ग्रामीण विकास प्राधिकरण कल्याणी गुप्ता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बवीता राणा, तहसीलदार ददाहू चेतन चौहान, खंड विकास अधिकारी संगड़ाह कृष्ण दत्त कश्यप तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित थे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें