नाहन (सिरमौर)। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक नाहन डॉ. राजीव बिंदल ने वीरवार को उपायुक्त कार्यालय के प्रागंण में विकास खंड नाहन में कोरोना संक्रमण से जागरूक करने के लिए दो रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ विकास खंड की 34 पंचायतों के 205 राजस्व गावों और 228 वार्डों में लोगों को जागरूक करेंगे। रथ सात दिन तक इन पंचायतों में लाउड स्पीकर के माध्यम से सूचना, शिक्षा और संचार के माध्यम से लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक करेंगे। इस अवसर पर डॉ. बिंदल ने बताया कि लॉकडाउन खुलने के बाद भी कोरोना सक्रंमण का खतरा लगातार बना हुआ है। कोरोना पॉजिटिव केस लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि जब तक दवाई नहीं तब तक ढिलाई नहीं नियम को अपनाना होगा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर कोरोना संक्रमण के फैलने का खतरा बना रहेगा। इसलिए भीड़भाड़ वाली जगहों में जाने से बचें और मास्क पहनकर रखें साथ ही सैनिटाइजर का नियमित इस्तेमाल करें। इस अवसर पर उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा, जिला भाजपा अध्यक्ष विनय गुप्ता और बीडीओ नाहन अनूप शर्मा उपस्थित रहेे।