-गली-मोहल्लों और सड़कों पर भरा पानी, जलभराव से प्रभावित रही आवाजाही
-हर बरसात में दोहराती है समस्या, जल निकासी और नालों की सफाई की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पुरुवाला (सिरमौर)। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने पुरुवाला क्षेत्र की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। करीब तीन घंटे तक लगातार हुई बारिश से गली-मोहल्ले, सड़कें और चौक-चौराहे जलमग्न हो गए। कई स्थानों पर पानी इस कदर भर गया कि सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगीं।
जलभराव के कारण पैदल राहगीरों, दुकानदारों और छोटे-बड़े वाहनों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं वाहनों की आवाजाही भी प्रभावित रही। बारिश का सबसे अधिक असर गिरिपार-पुरुवाला चौक से वन थाना पुरुवाला मार्ग पर देखने को मिला। स्थानीय लोगों के अनुसार हर वर्ष बरसात के दौरान दोपहरिया खड्ड का पानी और मलबा इसी चौक से होकर गिरी नदी की ओर बहता है।
पर्याप्त जल निकासी व्यवस्था नहीं होने के कारण इस बार भी पूरा चौक पानी और मलबे से भर गया। तेज बहाव के चलते सड़क पर कई स्थानों पर गड्ढे बन गए, जिससे दुर्घटना का खतरा भी बढ़ गया। स्थानीय निवासी पवन, तुलसी राम, कल्याण सिंह, गीता राम, दीप चंद, मामचंद, राजू, मुकेश, ओमी और प्रदीप ने बताया कि हर मानसून में यही स्थिति उत्पन्न होती है। समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की नियमित सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था की जाए तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चौक में जमा मलबा तुरंत हटाया जाए, नालियों की सफाई कराई जाए और स्थायी ड्रेनेज व्यवस्था विकसित की जाए।