फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jairam Thakur: नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर बोले- बज चुकी सुक्खू सरकार की विदाई की शहनाई, जनता सिखाएगी सबक

Mon, 20 Apr 2026 05:16 PM IST
Ankesh Dogra न्यूज डेस्क, अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

सिरमौर प्रवास के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है। पढ़ें पूरी खबर...
विज्ञापन
सिरमौर प्रवास के दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर। - फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने अपने सिरमौर प्रवास के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर तीखे प्रहार करते हुए राज्य की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक स्थिति को अत्यंत चिंताजनक बताया है। सराहां और पांवटा साहिब में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों के दौरान कार्यकर्ताओं और जनता को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सुक्खू सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है क्योंकि यह पहली ऐसी सरकार है जो जनहित के काम करने के बजाय पूर्ववर्ती सरकार द्वारा जनहित में खोले गए संस्थानों पर ताले लगाने का काम कर रही है।

विज्ञापन

उन्होंने मुख्यमंत्री पर झूठ की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सुक्खू विधानसभा के भीतर और बाहर तो झूठ बोलते ही थे, लेकिन अब उन्होंने प्रदेश की सीमाओं को लांघकर पूरे देश के सामने असत्य परोसना शुरू कर दिया है। पश्चिम बंगाल के अपने दौरे पर मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सभी दस गारंटियों को पूरा करने के दावे पर पलटवार करते हुए ठाकुर ने कहा कि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है और अभी तक एक भी गारंटी पूरी नहीं हुई है। कांग्रेस केवल चुनाव जीतने के लिए झूठ का सहारा लेती है।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश की बदहाल आर्थिक स्थिति के लिए मुख्यमंत्री के वित्तीय कुप्रबंधन को सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए या तो उन्हें कोसती है या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर दोषारोपण करती है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री सीपीएस की फौज खड़ी कर रहे थे और अपने चहेतों को कैबिनेट रैंक बांटकर सरकारी खजाने को लुटा रहे थे, तब उन्हें राज्य की माली हालत की याद नहीं आई और आज हालात यह हो गए हैं कि कर्मचारियों की सैलरी, पेंशन और भत्ते समय पर नहीं मिल पा रहे हैं, जो प्रदेश में एक प्रकार के वित्तीय आपातकाल का संकेत है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के संस्थान बंद करने की धुन से अब स्वयं कांग्रेस के विधायक भी सहमे हुए हैं और वे मुख्यमंत्री को अपने क्षेत्रों में बुलाने से कतराते हैं ताकि उनके क्षेत्र में चल रहे संस्थान बंद न हो जाएं।
विज्ञापन

कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए ठाकुर ने कहा कि राज्य में पुलिस महानिदेशक अपनी इगो शांत करने के लिए इस बात की जांच कर रहे हैं कि जूनियर अधिकारी ने सीनियर को गाड़ी में घर क्यों छोड़ा और सरकार समोसे की जांच में पुलिस की ऊर्जा बर्बाद कर रही है कि आखिर मुख्यमंत्री का समोसा किसने खाया, जबकि मुख्य सचिव पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। उन्होंने संदेह व्यक्त किया कि शायद ब्यूरोक्रेसी के पास मुख्यमंत्री की कोई बड़ी पोल है, जिसके कारण मुख्यमंत्री कार्रवाई करने में बेबस नजर आ रहे हैं।

स्थानीय भाजपा नेताओं के साथ संवाद करते हुए उन्होंने जनसमस्याएं सुनीं और दावा किया कि प्रदेश की जनता इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने का मन बना चुकी है और आगामी चुनाव में कांग्रेस की ऐतिहासिक पराजय निश्चित है। इस दौरान उन्होंने पांवटा साहिब में 'हैप्पी स्क्वायर रेस्टोरेंट' का शुभारंभ किया और पैरालंपिक्स में पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली हिमाचल की विभूतियों, सविता और अनिल को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस प्रवास के दौरान पच्छाद विधायक रीना कश्यप, सांसद सुरेश कश्यप, भाजपा नेता बलदेव तोमर और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें