ग्रामीणों को बैंक की जमा-ऋण समेत बीमा योजनाओं की दी जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
नाहन (सिरमौर)। प्रदेश राज्य सहकारी बैंक समिति की खैरी शाखा ने रेड़ी गुसान गांव में वित्तीय साक्षरता शिविर आयोजित किया। इसमें शिरगुल सोसायटी के सचिव अनुज परमार मुख्य रूप से मौजूद रहे।
इस मौके पर खैरी शाखा के प्रबंधन प्रवीन कुमार ने ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न जमा व ऋण योजनाओं से अवगत करवाया। साथ ही प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना, प्रधानमंत्री अटल पेंशन योजना सहित किसान क्रेडिट, हिम स्वरोजगार, मुद्रा ऋण, बचत खाता, निरंतर जमा सावधि योजना, पांच साल में लखपति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने ग्रामीणों को छोटी-छोटी बचत करने, ऑनलाइन ठगी से बचने और इस विषय पर सतर्क रहने को लेकर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को छोटी-छोटी बचत पर ध्यान देना चाहिए। इसके लिए बैंक में पैसा जमा करवाना एक अच्छा माध्यम हो सकता है। आज की गई छोटी-छोटी बचत कल बुढ़ापे में एक बड़ा सहारा बन सकती है। मुसीबत के समय भी यह राशि काम आ सकती है।
उन्होंने कहा कि कुछ शातिर बदमाश, लोगों को बैंक के नाम से फोन करके, उनके एटीएम से संबंधित पूछताछ करते हैं। बैंक कभी भी इस तरह का फोन नहीं करता। लोगों को चाहिए कि वह अपने बैंक खाते और एटीएम की जानकारी किसी को न दें। यदि कोई शंका हो तो सीधे बैंक जाकर पूछताछ करें।
शाखा प्रबंधक ने लोगों को डिजिटल बैंकिंग की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उनको बैंक में खाते खोलने के लिए भी प्रेरित किया।
-संवाद