-यात्रा मार्ग में जगह-जगह पर भगवान को श्रद्धापूर्वक ‘56 भोग’ किए जाएंगे अर्पित
संवाद न्यूज एजेंसी
पांवटा साहिब (सिरमौर)। द्वितीय विशाल श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर इस्कॉन की बैठक संपन्न हुई। इस्कॉन चंडीगढ़ के दिशा-निर्देशन में इस्कॉन नाम हट पांवटा साहिब द्वारा 16 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाली द्वितीय विशाल श्री जगन्नाथ रथ यात्रा की तैयारियों को लेकर ‘राधे गोविंदम रेस्टोरेंट’ में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में आगामी रथ यात्रा को अत्यधिक भव्य और ऐतिहासिक बनाने की रूपरेखा पर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रथम वर्ष की भांति इस वर्ष भी भगवान जगन्नाथ, भ्राता बलभद्र और बहन सुभद्रा जी का दिव्य रथ बद्रीपुर शिव मंदिर से प्रस्थान करेगा। इसके पश्चात यह भव्य रथ यात्रा मुख्य बाजार से होते हुए ऐतिहासिक देईजी साहिब राम मंदिर तक पहुंचेगी।
बैठक में नगर और रथ की भव्य सजावट को लेकर विशेष रणनीति बनाई गई। भगवान जगन्नाथ, बलभद्र जी और माता सुभद्रा जी के स्वागत के लिए बद्रीपुर शिव मंदिर में भव्य मंचों का निर्माण होगा, यात्रा मार्ग में जगह-जगह पर भगवान जी को श्रद्धापूर्वक ‘56 भोग’ अर्पित किए जाएंगे तथा श्रद्धालुओं के लिए व्यापक स्तर पर ‘महाप्रसादम’ के वितरण की व्यवस्था होगी। संपूर्ण यात्रा मार्ग को आकर्षक रंगोलियों और सुंदर तोरण द्वारों से सजाया जाएगा एवं भक्तों के बीच असीम उत्साह का संचार करने के लिए पूरी यात्रा के दौरान निरंतर अलौकिक ‘हरिनाम महासंकीर्तन’ का आयोजन किया जाएगा।
इस विशेष बैठक की अध्यक्षता इस्कॉन चंडीगढ़ से पधारे तीर्थराज प्रभु ने की। तीर्थराज प्रभु ने अपने जीवनकाल में अनेकानेक भव्य रथ यात्राओं का सफल संचालन किया है। उन्होंने अपने उन पावन और दीर्घकालिक अनुभवों को पांवटा साहिब के भक्तों के साथ साझा किया तथा यात्रा को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के बहुमूल्य सूत्र बताए।
इस्कॉन पांवटा साहिब के भक्त, नगर के अन्य गण्यमान्य भक्त भी इस बैठक में सम्मिलित हुए। सभी ने इस महोत्सव को पूर्ण निष्ठा और हर्षोल्लास के साथ सफल बनाने का संकल्प लिया।
बैठक में इस्कॉन पांवटा साहिब की फेस्टिवल कमेटी के मुख्य पदाधिकारी डॉ. चंदेल प्रभु , देवेंद्र शर्मा और सुशील कपूर, कपिल तायल एवं मोहिनी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।